सुल्तानपुर: जिले में बहुत से लोग अवैध रूप से अपने वाहन पर पुलिस और प्रेस लिखाकर चल रहे हैं। इससे वह लोगों पर हनक जमाने का प्रयास करते हैं। ऐसे वाहनों का चालान पुलिस ने करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को क्षेत्राधिकारी यातायात अब्दुस सलाम के नेतृत्व में पुलिस ने कई ऐसे वाहनों का चालान किया। बंधुआ कला थाना क्षेत्र के टोल नाका पर क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में यातायात प्रभारी अनूप सिंह तथा बंधुआ कला पुलिस ने चेकिग अभियान चलाया। वाहनों को रोका और उसके कागजात चेक किए। खासकर ऐसे वाहनों को रोका गया, जिन पर पुलिस और प्रेस लिखा था।
चेक करने के दौरान जो लोग सही पाए गए उनको जाने दिया गया।कई लोगों ने सिफारिश भी की, पर पुलिस ने एक न सुनी। एसपी सोमेन वर्मा के निर्देश पर चलाए गए चेकिंग अभियान से वाहन चालकों में खलबली मची रही। कई ने रास्ता ही बदल दिया। क्षेत्राधिकारी अब्दुस सलाम ने जन सामान्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन करने के लिए निर्देश भी दिए। इसमें सुरक्षित वाहन संचालन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी रही। मौके पर बंधुआ कला थाने पर तैनात तेजतर्रार हेड कांस्टेबल कैसर अब्बास रिजवी सहित यातायात पुलिस टीम मौजूद रही।
Comments are closed.