आगरा में लेनदेन के विवाद में गोली मारकर युवक की हत्या

Rj news

Report-विष्णु कान्त शर्मा

रविवार की रात खेरागढ़ कस्बा के ऊंटगिरी चौराहे के पास लेनदेन के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक, खेरागढ़ थाना क्षेत्र निवासी अन्नू का शिवकुमार से रुपयों का लेनदेन था। रविवार की रात शिवकुमार अपने मित्रों के साथ अन्नू परिवार के एक युवक के इंगेजमेंट में शामिल होने मैरिज होम आया था। वहीं उसने शिवकुमार से तगादा किया। इस दौरान अन्नू, शिवकुमार को अपने घर ले आया।

यहां दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इतने में ही शिवकुमार पक्ष के साथियों ने अन्नू पर फायरिंग कर दी, लेकिन वह बच गया। हमलावर फायरिंग करते हुए घर से बाहर निकल रहे थे, तभी फायरिंग की आवाज पर पड़ोस में रहने वाले अन्नू के मामा का लड़का अंकित (25) पुत्र ओमवीर दौड़ता हुआ पहुंचा। इस पर शिवकुमार पक्ष ने फिर से फायर कर दिया। गोली अंकित के पेट में जाकर लगी। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

उसके गिरते ही हमलावर भाग निकले। परिजन आनन-फानन में अंकित को इलाज के लिए आगरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन के मुताबिक अंकित की शादी तीन साल पहले ही हुई थी।

दो साल का एक बेटा भी है। घटना की जानकारी पर एसीपी महेश कुमार और डीसीपी पश्चिमी जोन सोनम कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

डीसीपी पश्चिमी जोन ने बताया कि अन्नू और शिवकुमार में लेनदेन का मामला था। शिवकुमार पक्ष ने जान लेने की नीयत से अन्नू पर गोली चलाई, लेकिन गोली उसके मामा के लड़के अंकित को लग गई।

हत्यारों की पहचान कराई जा रही है। एसओजी, सर्विलांस समेत कई टीमें हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए लगा दी गई है। एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है। उससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही सभी हत्यारों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More