हरियाणा:करनाल में सेक्टर-4 स्थित इंस्टीट्यूट में तिरंगा झंडा उतारते समय करंट लगने से युवक की मौत हो गई।मृतक की पहचान गांव बड़सालू निवासी रामकरण उर्फ अमन (22) के रूप में हुई है। वह सेक्टर-4 स्थित ICI इंस्टीट्यूट में काम करता था। अमन अपने ताऊ रामफल के पास बसंत विहार में रह रहा था। गुरुवार को अमन शॉपिंग करने के बाद इंस्टीट्यूट की छत पर झंडा उतारने चला गया।जैसे ही वह ऊपर चढ़कर झंडा उतारने लगा तो उसे बिजली का करंट लग गया। अचेत अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया।अमन के माता-पिता दिव्यांग है। उसके ताऊ रामफल ने ही उसकी परवरिश की है। अमन उनके परिवार का इकलौता बेटा था। अमन की 5 बहनें है। अमन की मौत की खबर सुनने के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।ताऊ रामफल ने बताया अमन की अगले महीने 12 फरवरी को शादी होनी थी। कल अपनी बहनों के साथ शॉपिंग करने के लिए बाजार गया था। बहनों को उसने शॉपिंग करवाकर घर भेज दिया और खुद झंडा उतारने के लिए चला गया। उसी दौरान उसे करंट लग गया।
Comments are closed.