लखनऊ: पॉलीटेक्निक फ्लाईओवर से शनिवार रात गिरी एसयूवी की बेकाबू रफ्तार हादसे की वजह बनी।निशातगंज निवासी अमित अपनी कार से शनिवार रात एक शादी समारोह में गए थे। उनके साथ तीन दोस्त हर्ष, राजकुमार और राजीव शुक्ला उर्फ प्रांशु भी थे। देर रात वापसी में पॉलीटेक्निक फ्लाई ओवर से मुंशीपुलिया की ओर जाते वक्त एसयूवी अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी थी।हादसे में राजकुमार, राजीव व अमित की मौत हो गई थी, जबकि हर्ष का इलाज जारी है। पुलिस ने तफ्तीश शुरू की तो एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया, जिसमें एसयूवी ऊपर से नीचे गिरती दिख रही है। पुलिस के मुताबिक बेकाबू रफ्तार हादसे की वजह बनी। मोड़ के पास रफ्तार धीमी नहीं हो सकी, इसलिए एसयूवी सीधे नीचे गिर गई।
जहां से एसयूवी गिरते दिख रही हैं वहां से करीब पचास मीटर दूरी पर एक बिजली का पोल लगा है। एसयूवी फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे इसी पोल से टकराई थी। रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एसयूवी पचास मीटर तक हवा में रही थी।वहीं एसयूवी अमित की थी, लेकिन उसे राजकुमार चला रहा था। आशंका है कि शायद राजकुमार को इसे चलाने का बहुत अंदाजा नहीं था। वह बस रफ्तार बढ़ाता गया।हादसा रात 12.29 बजे हुआ। जिस वक्त बोलेरो गिर रही थी, उसी वक्त नीचे एक बाइक सवार भी आ गया। एसयूवी गिरते देख उसने अपनी बाइक में ब्रेक लगा दिया। महज दस सेकेंड के अंतर से उसकी जान बच गई।एसयूवी जब नीचे गिरी थी तो पलट गई थी। पुलिसकर्मी उसको आसानी से पलटकर सीधा नहीं कर पा रहे थे। क्रेन बुलाई और उसको सीधा कराया।एसयूवी के भीतर खून ही खून था।
Comments are closed.