नक्सलियों द्वारा आईईडी ब्लास्ट करने से एक नागरिक समेत 10 जवान शहीद

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज़

रिपोर्ट

छत्तीसगढ़: दंतेवाड़ा में बुधवार दोपहर को नक्सली हमले में 10 जवान शहीद हो गए। वहीं एक नागरिक भी मारा गया है। सभी जवान डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के हैं।जानकारी के मुताबिक, माओवादी कैडर की मौजूदगी की सूचना पर दंतेवाड़ा से डीआरजी जवानों को रवाना किया गया था। इसके बाद सभी जवान वहां से लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने अरनपुर मार्ग पर पालनार में ब्लास्ट कर दिया।

बताया जा रहा है कि जवान एक प्राइवेट वाहन से निकले थे। हमले में एक नागरिक की भी मौत हुई हैै। हमले के बाद जवानों की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। इसमें कुछ नक्सली भी घायल हुए हैं। मौके पर फोर्स पहुंच गई है। वारदात की पुष्टि आईजी सुंदरराज पी. ने की है।बताया जा रहा है कि वाहन में 25 से 30 जवान सवार थे। घायल जवानों को जिला अस्पताल लाने के लिए चार एंबुलेंस को घटना स्थल के लिए रवाना किया गया है।

घटना के बाद आसपास के एरिया में सर्चिंग तेज कर दी गई है। एसपी भी मौके पर पहुंच गए हैं।बस्तर में नक्सलियों ने इस समय TCOC (टैक्टिकल काउंटर अफेंसिव कैंपेन) चला रखी है। इस दौरान नक्सली अक्सर बड़े हमले करते हैं।दूसरी ओर गृहमंत्री अमित शाह ने भी नक्सली हमले को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बात की है। उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More