नैनीताल: धानाचूली-पहाड़पानी मोटर मार्ग के चौरलेख के पास सोमवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।धारी पुलिस चौकी प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि रात्रि लगभग 11 बजे एक ऑल्टो कार लोहाघाट से धारी की ओर जा रही थी। जिसमें सवार सभी लोग एक पारिवारिक सगाई कार्यक्रम में लोहाघाट गए हुए थे। वहां से लौटते समय चोरलेख के पास कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पदमपुरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां की चिकित्सक डॉ0 जयमाला ने बताया कि नवीन चंद्र पुत्र सेवक राम निवासी ग्वालाकोट (अघरिया) की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी। जबकि इस हादसे में विमला देवी, ईश्वरी राम, दीपक चंद्र, बुद्धि राम व गीता के घायल होने पर उनका प्राथमिक उपचार किया गया। इनमें से तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। वहीं मुक्तेश्वर थानाध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि इस हादसे में मृतक नवीन चंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया गया है।
Comments are closed.