आगरा:जिले में आधी रात को बीच सड़क पर महिला ने बच्चे को जन्म दिया। जब महिला प्रसव पीड़ा से कराह रही थी तो परिवार के कुछ लोगों के अलावा मदद के लिए दूर-दूर तक कोई नहीं था। 108 आपात सेवा पर फोन किया गया, लेकिन एंबुलेंस 46 मिनट देरी से पहुंची। इसके बाद महिला को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां मां और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। थाना रकाबगंज क्षेत्र के छीपीटोला निवासी रोनी कौशल की पत्नी रेनू को बीती रात प्रसव पीड़ा हुई।
वे घर के कुछ सदस्यों के साथ प्रसूता को निजी अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में ही पीड़ा बढ़ गई। इस दौरान परिवार के लोगों ने 108 आपात सेवा पर फोन कर एंबुलेंस के लिए मदद मांगी, लेकिन समय से एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। इस दौरान महिला ने सड़क पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। करीब 46 मिनट देरी से एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जिसके बाद मां और बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों सुरक्षित हैं।
Comments are closed.