भाजपा की पंजाब इकाई ने शनिवार को सतलुज यमुना लिंक नहर के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन

राष्ट्रीय जजमेंट

भाजपा की पंजाब इकाई ने शनिवार को सतलुज यमुना लिंक नहर के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया और राज्य की आम आदमी पार्टी नीत सरकार पर नदी जल में राज्य के हितों की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया। विपक्षी दल ने जोर देकर कहा कि पंजाब के पास किसी अन्य राज्य के साथ बांटने के लिए पानी नहीं है। भाजपा की पंजाब इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के आधिकारिक आवास के पास विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना, लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष चरणजीत सिंह अटवाल और पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। पुलिस ने उन्हें मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने की अनुमति नहीं दी और बाद में पुलिस ने भाजपा नेताओं को हिरासत में ले लिया।जाखड़ ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि भगवंत मान नीत सरकार ने एक गहरी साजिश के तहत सतलुज यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर के मुद्दे पर पंजाब के लोगों की पीठ में छुरा घोंपा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने एसवाईएल मुद्दे पर उच्चतम न्यायालय में पंजाब के रुख को ‘‘कमजोर’’ किया। उन्होंने आरोप लगाया कि शीर्ष अदालत में राज्य सरकार ने कहा कि वह नहर बनाने के लिए तैयार है, लेकिन विपक्षी दल और किसान इसका विरोध कर रहे हैं। जाखड़ ने आप सरकार पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘लेकिन मान सार्वजनिक रूप से कहते रहे कि किसी अन्य राज्य के साथ साझा करने के लिए पानी की एक बूंद भी नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मान सरकार ने पंजाब और पंजाब के हितों के साथ विश्वासघात किया। उन्होंने पंजाब के पानी को लेकर (राज्य के हित) के साथ खिलवाड़ किया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More