पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अशोक विहार डकैती के तीन आरोपियों को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर पश्चिमी जिले की टीम ने मुठभेड़ के बाद अशोक विहार डकैती में शामिल तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बुलंदशहर निवासी 22 वर्षीय साहिल, दिल्ली के भलस्वा डेयरी निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद फैयाज, और दिल्ली के अलीपुर निवासी 32 वर्षीय दीपक के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और चोरी की एक बाइक बरामद की है।

उत्तर पश्चिमी जिले के डीसीपी भीष्म सिंह ने बताया कि 25 फरवरी को अशोक विहार थाना पुलिस को गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि बदमाशों ने एक युवक को गोली मारी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। जांच में मृतक की पहचान शालीमार गांव निवासी सरोज पाठक के रूप में हुई। घटना के वक्त वह अपनी स्कूटी से फैक्टरी से शालीमार बाग कैश लेकर जा रहे थे। बदमाश उनकी स्कूटी भी लूटकर ले गए थे। अशोक विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

डीसीपी ने बताया कि रविवार को स्पेशल स्टाफ को गुप्त मिली कि संदिग्ध प्रेमबाड़ी नाला इलाके में आ सकता है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए स्पेशल स्टाफ और अशोक विहार थाने की संयुक्त टीम बनाई गई। इंस्पेक्टर सोमबीर की टीम ने प्रेम बाड़ी नाले पर जाल बिछाया और सुबह करीब 10 बजे एक आरोपी व्यक्ति को देखा। आरोपी साहिल को पुलिस ने आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, जिस पर उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इधर पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। एक गोली साहिल के पैर में लग गई। वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल, दो खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

पूछताछ करने पर आरोपी साहिल ने अपने साथियों के साथ अशोक विहार में डकैती सह हत्या में अपनी संलिप्तता कबूल की। उसकी निशानदेही पर सह आरोपी मोहम्मद फैयाज उर्फ एलन और दीपक को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपी साहिल एक नौसिखिया अपराधी पाया गया। उनके बाकी साथियों और अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More