दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने यमुना नदी का निरीक्षण किया

नई दिल्ली: दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बोट क्लब से सिग्नेचर ब्रिज और आईटीओ छठ घाट तक यमुना सफाई अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सफाई कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।

मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि सरकार यमुना की सफाई और संरक्षण के लिए सुनियोजित रोडमैप और ठोस एक्शन प्लान के साथ ज़मीन पर काम कर रही है। यमुना की सफाई पर तेज़ी से काम शुरू किया गया है। अब तक 1300 मीट्रिक टन कचरा यमुना से निकाला जा चुका है।

मंत्री ने कहा कि पिछले 10 सालों में यमुना की सफाई और बाढ़ नियंत्रण को लेकर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ, बल्कि गंदगी दोगुनी हो गई और बाढ़ प्रबंधन की स्थिति भी बदतर हो गई। आप सरकार ने यमुना सफाई के नाम पर सिर्फ झूठ फैलाया और बजट में भ्रष्टाचार किया। लेकिन अब,यमुना को साबरमती रिवरफ्रंट की तर्ज़ पर साफ़ और सुंदर बनाने का संकल्प लिया गया है। स्वयं प्रधानमंत्री इस अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

यमुना की सफाई और बाढ़ नियंत्रण के लिए ठोस कदम

* दिल्ली के सभी नालों को STP से जोड़ा जाएगा और उनकी क्षमता बढ़ाई जाएगी, ताकि गंदा पानी सीधे यमुना में न गिरे।

* ⁠औद्योगिक क्षेत्रों में CTP (कॉमन ट्रीटमेंट प्लांट) लगाए जाएंगे ताकि केमिकल वेस्ट का सही निपटान हो सके।

* ITO बैराज के गेट्स की मरम्मत, ऑइलिंग और सुरक्षा दीवारों की ऊँचाई बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे बाढ़ की समस्या को रोका जा सके।

* ⁠यमुना के किनारों की सफाई और हरित क्षेत्र विकसित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

* DDA द्वारा यमुना रिवरफ्रंट विकसित करने का कार्य भी शुरू हो चुका है, जिससे यमुना तट को पर्यटन और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।

मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे यमुना जी में गंदगी डालने से बचें और इस पवित्र अभियान में अपना सहयोग दें। “माँ यमुना जी को स्वच्छ और निर्मल बनाना सरकार की जिम्मेदारी तो है ही, साथ में हर दिल्लीवासी का कर्तव्य भी है। आइए, मिलकर इस मिशन को सफल बनाएं!”

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More