किराए पर मकान दिलाने के नाम पर सैकड़ों लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने किराए और लीज पर मकान दिलाने के नाम पर सैकड़ों लोगों को ठगने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में दो मुख्य आरोपियों, 43 वर्षीय राजू सिंह और 32 वर्षीय रीमा जायसवाल को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने खुद को संपत्ति का मालिक बताकर फर्जी लीज रेंट एग्रीमेंट के जरिए पीड़ितों से करोड़ों रुपये ऐंठे। इस घोटाले में अब तक 3 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का खुलासा हुआ है, और पुलिस को 100 से ज्यादा शिकायतें मिली हैं।

आर्थिक अपराध शाखा के अपर पुलिस आयुक्त अमृता गुगुलोथ ने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब 28 मई 2023 को बुराड़ी के सुखबीर सिंह ने थाना बुराड़ी में शिकायत दर्ज की। सुखबीर ने बताया कि उन्होंने रोहन सिंह नामक व्यक्ति से लाल दरवाजा, बुराड़ी में एक फ्लैट 4 लाख रुपये की सिक्योरिटी राशि पर लिया था। रोहन के साथ लीज एग्रीमेंट हुआ और 3,88,000 रुपये बैंक के जरिए ट्रांसफर किए गए। बाद में पता चला कि फ्लैट रोहन का नहीं, बल्कि सुंदरेश्वर कुमार सुमन का था। जब सुखबीर ने पैसे वापस मांगे, तो रोहन ने उन्हें धमकियां दीं। इस शिकायत के बाद 100 अन्य पीड़ित भी सामने आए, जिन्होंने इसी तरह की ठगी की बात कही।

ईओडब्ल्यू की जांच में पता चला कि इस ठगी के पीछे राजू सिंह और रीमा जायसवाल मास्टरमाइंड हैं। दोनों ने मिलकर एक सुनियोजित तरीके से फर्जीवाड़ा किया। वे पीड़ितों को सस्ते किराए पर मकान का लालच देकर सुरक्षा राशि लेते थे। इस राशि का कुछ हिस्सा असली मालिक को किराए के तौर पर देते, फिर किराया देना बंद कर देते। इससे मालिकों को भी नुकसान हुआ, और पीड़ितों के पैसे डूब गए। बैंक स्टेटमेंट्स ने इन आरोपों की पुष्टि की।

अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस ने राजू सिंह और रीमा जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की पुलिस हिरासत रिमांड मिल गई है। उनके पास से कई फर्जी लीज रेंट एग्रीमेंट बरामद हुए, जो इस ठगी के सबूत हैं। मुख्य आरोपी रोहन सिंह पहले ही गिरफ्तार हो चुका है और न्यायिक हिरासत में है। राजू और रीमा ने अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को सस्ते मकानों का झांसा दिया। खुद को मालिक बताकर फर्जी कागजात बनाए और सुरक्षा राशि के नाम पर मोटी रकम वसूली। इस तरह उन्होंने सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये ठगे। यह एक संगठित अपराध था, जिसे बड़े पैमाने पर अंजाम दिया गया। हमने दो मुख्य आरोपियों को पकड़ लिया है, और जांच जारी है ताकि बाकी संलिप्त लोगों को भी सजा मिले। पीड़ितों को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More