दिल्ली में लोकतंत्र विजय दिवस: आपातकाल सेनानियों का सम्मान, कांग्रेस पर वीरेंद्र सचदेवा का हमला

नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शुक्रवार को एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित लोकतंत्र विजय दिवस कार्यक्रम में आपातकाल सेनानियों का अभिनंदन किया। 1977 में 21 मार्च को आपातकाल की समाप्ति के उपलक्ष्य में लोकतंत्र सेनानी संघ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से आए उन सेनानियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने 1975-77 के आपातकाल के दौरान संघर्ष किया। इस मौके पर सचदेवा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और इसे लोकतंत्र का हत्यारा करार दिया।

इस कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्वनी चौबे, लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश सोनी, सत्य नारायण जटिया, ओ.पी. बब्बर, सुभाष आर्या, राजीव बब्बर और राजन ढींगरा जैसे प्रमुख नेता मौजूद रहे। सचदेवा ने देशभर से आए सेनानियों और उनके परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई और उनके त्याग को याद किया।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “हिंदुस्तान भर से आए आपातकाल सेनानियों को सम्मान करना दिल्ली के लिए गर्व की बात है। इन सेनानियों ने आपातकाल के 19 महीनों में कांग्रेस की क्रूरता और तानाशाही को झेला। यह दिन लोकतंत्र की विजय का प्रतीक है, जब 21 मार्च 1977 को आपातकाल हटाया गया।” उन्होंने युवा पीढ़ी से अपील की कि वे कांग्रेस शासन के दौरान लोकतंत्र पर हुए हमलों को समझें।

सचदेवा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “25 जून 1975 को कांग्रेस ने लोकतंत्र को कुचलने का काम किया। आपातकाल के 19 महीने उसकी क्रूरता और तानाशाही का सबूत हैं। जिन सेनानियों ने जेल में यातनाएं सहीं और शहादत दी, उसी बलिदान पर आज का लोकतंत्र खड़ा है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र को समझने के लिए इन सेनानियों के संघर्ष को जानना जरूरी है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा, “पीएम मोदी ने विश्व भर में भारतीय लोकतंत्र का डंका बजाया है। उनकी सरकार जनता की आवाज को ताकत दे रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार आपातकाल सेनानियों के सम्मान के लिए हर संभव कदम उठाएगी।

सचदेवा ने आगे कहा, “दिल्ली को अलग-अलग प्रांतों के सेनानियों का स्वागत करने का सौभाग्य मिला है। हमारा प्रयास है कि इनके संघर्ष से सीख लेकर ऐसा समाज बनाएं, जहां 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को पूरा कर सके।”

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More