दिल्ली की जनता को समर्पित होगा आगामी बजट: वीरेंद्र सचदेवा

नई दिल्ली: दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आगामी बजट को लेकर कहा कि यह बजट दिल्ली की जनता को समर्पित होगा और पार्टी के संकल्प पत्र में किए गए वादों को मजबूत करने वाला साबित होगा। सचदेवा ने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार का यह बजट दिल्ली के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ समाज के हर वर्ग के लिए लाभकारी होगा।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “हमारा पहला संकल्प दिल्ली का सर्वांगीण विकास है। इस बजट में हर क्षेत्र और हर समाज वर्ग के लिए प्रावधान किए जाएंगे, चाहे वह युवा हों, महिलाएं हों, किसान हों या व्यापारी वर्ग।” उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बजट दिल्ली की जनता के सुझावों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। पिछले एक दशक में दिल्ली में विकास की गति को रोकने वाली बाधाओं को पीछे छोड़ते हुए भाजपा अब ‘विकसित दिल्ली’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह बजट जनता की भागीदारी से तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री, जो खुद दिल्ली की छात्रा रही हैं, ने शिक्षा सहित अन्य विभागों पर विशेष ध्यान दिया है। सभी विभागों के पदाधिकारियों और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ व्यापक संवाद के बाद इस बजट को अंतिम रूप दिया गया है। सचदेवा ने दावा किया कि यह बजट दिल्ली के विकास को नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित होगा।

सचदेवा ने पिछले 10 सालों के दौरान दिल्ली में विकास की रफ्तार में आई सुस्ती पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “पिछले एक दशक में दिल्ली के विकास को रोकने का जो प्रयास किया गया, उसे अब हम पीछे छोड़ रहे हैं। भाजपा सरकार अब पूरे जोश के साथ दिल्ली को विकसित बनाने की दिशा में काम करेगी।”

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More