गांधी नगर में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज, प्रॉपर्टी डीलर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के गांधी नगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति की आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्रॉपर्टी डीलर को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को जब एलएनजेपी अस्पताल से मेडिको-लीगल केस की सूचना थाना गांधी नगर को प्राप्त हुई। मृतक की पहचान कैलाश नगर निवासी 42 वर्षीय ललित मोहन वार्ष्णेय के रूप में हुई, जो मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। पुलिस के अनुसार, ललित ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद उसकी पत्नी पूनम गुप्ता ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था।

पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें उसने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में ललित ने अपनी आत्महत्या के लिए संजय जैन नामक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया। संजय जैन कैलाश नगर में ‘जैन प्रॉपर्टी’ के नाम से प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। वीडियो में मृतक ने संजय पर गंभीर आरोप लगाए, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

डीसीपी शाहदरा ने बताया कि मृतक की पत्नी पूनम गुप्ता ने थाना गांधी नगर में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने संजय जैन पर अपने पति को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। पूनम के बयान और मृतक के वीडियो को आधार मानते हुए संजय जैन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया। इस मामले में कैलाश नगर निवासी 60 वर्षीय संजय जैन को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने इस मामले में गहन जांच शुरू कर दी है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि संजय जैन और ललित मोहन के बीच क्या विवाद था, जिसने ललित को इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर किया। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। मृतक के वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More