लाजपत नगर में 12 किलो गांजा के साथ दो सप्लायर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी जिले की लाजपत नगर थाना पुलिस ने दो ड्रग सप्लायरों को गिरफ्तार कर नशे के बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद सद्दाम और शिवम के रूप में हैं। उनके कब्जे से कुल 12.016 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है।

दक्षिण-पूर्वी जिला के डीसीपी रवि कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को जल विहार में गश्त कर रहे स्टाफ की नजर एक संदिग्ध शख्स पर पड़ी। उसे पकड़कर थाने को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिस ने तलाशी ली तो उसके बैग से 2.424 किलोग्राम गांजा मिला। आरोपी की पहचान 29 वर्षीय मोहम्मद सद्दाम हुसैन के रूप में हुई। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

डीसीपी ने बताया कि सद्दाम को गिरफ्तार कर कोर्ट से एक दिन का रिमांड लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह 22 मार्च को 8 किलो गांजा लेकर दिल्ली आया था और लाजपत नगर के होटल में ठहरा था। गिरफ्तारी के वक्त वह 2.5 किलो गांजा बेचने जा रहा था। पुलिस ने होटल में छापा मारा और वहां से 5.164 किलो गांजा बरामद किया। सद्दाम ने खुलासा किया कि वह गांजा नोएडा के शिवम से खरीदता था। पुलिस ने व्हाट्सएप के जरिए शिवम से संपर्क किया और 4 किलो गांजा की डिलीवरी के लिए लाजपत नगर बुलाया। 24 वर्षीय शिवम जैसे ही गांजा लेकर पहुंचा, उसे भी दबोच लिया गया। उसके पास से 4.428 किलो गांजा बरामद हुआ। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More