दिल्ली के विकासपुरी में पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी आकाश झा घायल, अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके में आज तड़के एक मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी 25 वर्षीया आकाश झा उर्फ मोनू पुलिस की गोली से घायल हो गया। यह घटना सुबह करीब 1:30 बजे इंदिरा कैंप, विकासपुरी में उस समय हुई, जब पश्चिम जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने उसके ठिकाने पर छापेमारी की। आकाश झा ने पुलिस पर गोली चलाई, जिसके जवाब में टीम ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गया। उसे तत्काल डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पश्चिमी दिल्ली के डीसीपी विचित्र वीर ने बताया कि जिले की ऑपरेशन टीम को सूचना मिली थी कि आकाश झा उर्फ मोनू इलाके में सक्रिय है और पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहा है। हालाँकि, इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई थी, लेकिन पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए कार्रवाई की योजना बनाई। टीम ने उसके ठिकाने का पता लगाया और आज सुबह छापा मारा। छापेमारी के दौरान आकाश ने पुलिस पर गोली चला दी, जो एक बुलेटप्रूफ जैकेट पहने पुलिसकर्मी को लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में घुटने के ठीक नीचे लगी, जिसके बाद उसे तुरंत गिरफ्तार कर अस्पताल ले जाया गया।

आकाश झा उर्फ मोनू इंद्रा कैंप, विकासपुरी का निवासी है, एक अपराधी के रूप में जाना जाता है। वह लूट, गोलीबारी और चोट पहुँचाने जैसे कई संगीन मामलों में शामिल रहा है। वर्ष 2024 में मायापुरी थाने में गोलीबारी के एक मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था और नवंबर 2024 में वह जेल से रिहा हुआ था। इसके अलावा, वह गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) के एक पुलिस स्टेशन में गुंडा एक्ट के तहत भी वांछित बताया जा रहा है। जेल से बाहर आने के बाद उसके फिर से अपराध की दुनिया में सक्रिय होने की खबरें थीं, जिसके बाद पुलिस ने उस पर नकेल कसने की तैयारी की।

पुलिस अब इस मामले की गहन जाँच कर रही है ताकि आकाश झा के आपराधिक नेटवर्क और उसकी हालिया गतिविधियों का पूरा खुलासा हो सके। यह भी जाँच की जा रही है कि जेल से रिहा होने के बाद उसने किन लोगों के साथ संपर्क स्थापित किया था। आकाश झा की गतिविधियों से विकासपुरी और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल था। स्थानीय लोगों का कहना है कि उसकी मौजूदगी से क्षेत्र में असुरक्षा की भावना बढ़ गई थी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में राहत की साँस ली जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More