विवेक विहार में हुई महिला की हत्या का मामला सुलझा, दो आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले में एक 35 वर्षीय महिला की हत्या के मामले को पुलिस ने चंद घंटों में सुलझा लिया। विवेक विहार इलाके के सत्यम एन्क्लेव में एक फ्लैट से दुर्गंध की शिकायत पर पहुंची पुलिस को सड़ा-गला शव मिला, जिसके बाद इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फ्लैट का मालिक 65 वर्षीया विवेकानंद मिश्रा और उनके सहयोगी सुपौल, बिहार का निवासी 29 वर्षीय अभय कुमार झा उर्फ सोनू के रूप में हुई हैं।

शाहदरा जिले के डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि बीते शुक्रवार को पुलिस को सत्यम एन्क्लेव से दुर्गंध की सूचना एक पीसीआर कॉल से मिली थी। पुलिस ने मौके पर फ्लैट को बाहर से बंद पाया और पीछे के दरवाजे के पास खून के धब्बे देखे। अंदर प्रवेश करने पर बिस्तर के भंडारण डिब्बे में एक कंबल में लपेटा हुआ शव बरामद हुआ, जो एक बैग में रखा था। मृतक की पहचान अंजू उर्फ अंजलि के रूप में हुई, जो लुधियाना, पंजाब की रहने वाली थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शाहदरा जिले की स्पेशल स्टाफ, तकनीकी निगरानी इकाई और विवेक विहार थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया। जानकारी के आधार पर फ्लैट के मालिक 65 वर्षीय विवेकानंद मिश्रा को आनंद विहार के पास से एक घंटे में गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल की और अपने सहयोगी अभय कुमार झा उर्फ सोनू का नाम बताया। अभय, जो शव को ठिकाने लगाने के लिए दिल्ली आया था, विवेकानंद की गिरफ्तारी की खबर सुनकर मगध एक्सप्रेस से बिहार भागने की फिराक में था। पुलिस ने तुरंत अलीगढ़ में जीआरपी के साथ समन्वय कर उसे रेलवे स्टेशन से धर दबोचा।

पुलिस जांच में पता चला कि विवेकानंद और अभय ने मिलकर अंजू की हत्या की साजिश रची थी। 21 मार्च को अभय ने अंजू को उसके पति आशीष के साथ मिलकर लुधियाना से दिल्ली लाया। हत्या के बाद विवेकानंद ने शव को रसायनों से ठिकाने लगाने और नालियों में फेंकने की योजना बनाई थी, जिसके सबूत उसकी ऑनलाइन सर्च हिस्ट्री से मिले। शेष आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कोशिश जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More