जहांगीरपुरी में होली के दौरान हमला करने वाले चार आरोपी पुलिस ने धरे

नई दिल्ली: दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में होली समारोह के दौरान एक व्यक्ति पर हुए जानलेवा हमले के मामले में उत्तर-पश्चिम जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड ने चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस हमले में आरोपियों ने चाकू, डंडे और ईंटों से शिकायतकर्ता अजय खत्री पर हमला किया था, जिसके बाद मामला हत्या के प्रयास में दर्ज हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 58 वर्षीय अशोक कुमार उर्फ अशोक केबल, 34 वर्षीय अनिल उर्फ गोलू, 24 वर्षीय राहुल और 58 वर्षीय चंदू लाल के रूप में हुई हैं। सभी जहांगीरपुरी के निवासी हैं।

उत्तर-पश्चिम जिला के डीसीपी भीष्म सिंह ने बताया कि 14 मार्च को दोपहर जहांगीरपुरी के निवासी अजय खत्री अपने दोस्त के साथ घर पर होली मना रहे थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी के साथ उनकी कहासुनी हो गई। करीब 15-20 मिनट बाद अशोक कुमार उर्फ अशोक केबल, अनिल उर्फ गोलू, राहुल, चंदू लाल सहित अन्य लोग चाकू, डंडे और ईंटों से लैस होकर अजय के घर पहुंचे। समूह ने अजय पर हमला कर दिया। अशोक ने ईंट फेंककर उनके सिर पर वार किया, जिससे वह बेहोश हो गए। इसके बाद भी राहुल, अनिल और चंदू लाल ने ईंटों से हमला जारी रखा, जिससे अजय गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बीजेआरएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना पर पुलिस ने जहांगीरपुरी थाने में एफआईआर दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर जितेंद्र तिवारी के नेतृत्व में एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड टीम गठित की गई, टीम ने स्रोतों से जानकारी लेकर छापेमारी के कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में अनिल, राहुल, चंदू लाल और अशोक कुमार शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता कबूल की। पुलिस उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। इस मामले में सुनील, दीपक, अमित और एक नाबालिग पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित संलिप्तता का पता लगाया जा रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More