दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी का भंडाफोड़ किया, नाइजीरियाई नागरिक सहित दो गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिला की एएटीएस ने दो अंतरराज्यीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय संजय उर्फ सनम और 32 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक चुक्वुनोंसो उर्फ प्रिंसनी के रूप में हुई हैं। आरोपियों से 89.20 ग्राम प्रीमियम-ग्रेड हेरोइन और 3.29 ग्राम मेथमफेटामाइन बरामद की गई है।

दक्षिण जिला के डीसीपी अंकित चौहान ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में ड्रग तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए एएटीएस की टीम ने विशेष अभियान चलाया। सोमवार को जैन दादा बाड़ी कट, एमबी रोड पर वाहन जांच के दौरान टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। बाद में उसकी पहचान संजय उर्फ सनम के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि यह तस्करी का सामान सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किए गए एक नाइजीरियाई नागरिक से प्राप्त किया गया था। इसके बाद तकनीकी निगरानी के जरिए महरौली में एक सुनियोजित जाल बिछाकर नाइजीरियाई नागरिक चुक्वुनोंसो उर्फ प्रिंसनोनी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 15.23 ग्राम हेरोइन और 3.29 ग्राम मेथमफेटामाइन बरामद किया।

जांच में पता चला कि संजय तिगरी, संगम विहार और नेब सराय जैसे इलाकों में सोशल मीडिया के जरिए नाइजीरियाई तस्करों से संपर्क कर ड्रग्स की सप्लाई करता था। वहीं, प्रिंसनी दिसंबर 2024 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था और नाइजीरियाई सहयोगी जॉन के प्रभाव में ड्रग व्यापार में शामिल हो गया। इस मामले में महरौली थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। मुख्य आपूर्तिकर्ता और अन्य सहयोगियों को पकड़ने के लिए जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More