राहुल गांधी के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में भाजपा युवा मोर्चा का प्रदर्शन

नई दिल्ली: दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भाजपा युवा मोर्चा ने नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी का नाम आने के बाद उनके इस्तीफे की मांग को लेकर तीखा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी को कांग्रेस पार्टी से बाहर करने की मांग करते हुए नारेबाजी की और इस मामले में जवाबदेही की मांग उठाई।

प्रदर्शन में भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष सागर त्यागी, राष्ट्रीय भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री रोहित चहल, प्रदेश महामंत्री अरुण दराल, गौरव जोरासिया, पुनीत शर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि नेशनल हेराल्ड केस 2012 का मामला है, जब देश में कांग्रेस की सरकार थी और याचिका भी कांग्रेस के ही लोगों ने दायर की थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जांच एजेंसी कोर्ट के आदेश पर इस मामले की जांच कर रही है, तो कांग्रेस नेताओं, खासकर राहुल और सोनिया गांधी को इससे तकलीफ क्यों हो रही है?

सचदेवा ने आरोप लगाया कि उस समय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह थे, लेकिन “सुपर प्रधानमंत्री” सोनिया गांधी के इशारे पर राहुल गांधी इस मामले को संभाल रहे थे। उन्होंने दावा किया कि जनता के टैक्स के पैसों को चंदे के रूप में जमा कर एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड और यंग इंडिया नामक कंपनी के जरिए गबन किया गया।

सचदेवा ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू से लेकर राहुल गांधी तक, कांग्रेस ने देश की संपत्ति को लूटने का काम किया है। उन्होंने नेशनल हेराल्ड केस को देश की संपत्ति बेचने का मामला करार देते हुए कहा कि जब जांच एजेंसी ने जांच शुरू की, तो कांग्रेस ने हाई कोर्ट में वैल्यूएशन को गलत ठहराने की कोशिश की, लेकिन कोर्ट ने जांच को सही माना और इसे जारी रखने का आदेश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक कांग्रेस इस मामले में हिसाब नहीं देती, तब तक भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा।

भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष सागर त्यागी ने कहा कि कांग्रेस ने न केवल देश को लूटा, बल्कि धारा 370 लागू कर देश को बांटने और देश विरोधी ताकतों को पनाह देने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धारा 370 हटाकर देश को एकजुट किया, और अब राहुल गांधी को नेशनल हेराल्ड केस में जवाब देना होगा।

राष्ट्रीय भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री रोहित चहल ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में “माता जी (सोनिया गांधी), भैया जी (राहुल गांधी) और जीजा जी (रॉबर्ट वाड्रा)” सभी बेल पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चोरी करने के बाद अब कांग्रेस खुद अपनी पार्टी के लिए सड़कों पर है और कानून पर सवाल उठा रही है।

नेशनल हेराल्ड केस में आरोप है कि कांग्रेस ने एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड के जरिए जनता के चंदे के पैसे का दुरुपयोग किया। यंग इंडिया नामक कंपनी, जिसमें सोनिया और राहुल गांधी की हिस्सेदारी है, पर भी इस मामले में अनियमितताओं के आरोप हैं। जांच एजेंसी इस मामले में कोर्ट के निर्देश पर कार्रवाई कर रही है।

प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेड्स लगाए गए। भाजपा ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले में कांग्रेस से जवाबदेही की मांग को लेकर अपना आंदोलन और तेज करेगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More