बारिश का कहर, मुसलाधार बारिश के चलते मकान का लिंटर गिरने से मां-बेटी की मौत

आर जे न्यूज़

लखनऊ में रविवार शाम घने बादलो ने अपना डेरा डाल दिया और गोमतीनगर समेत कई इलाको में करीब दो घंटों तक जोरदार बरसात हुई जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया। इस दौरान लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली और तापमान में दो से पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। इस बीच एटा में जैथरा क्षेत्र के नगला परमसुख गांव में बारिश के चलते एक मकान का लिंटर गिरने से मां बेटी की मौत हो गयी जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिंटल गिरने से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस आपदा से घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होने जिलाधिकारी को मृतकों के परिजनों को अनुमन्य राहत राशि तत्काल वितरित किए जाने के निर्देश दिए हैं। उधर जौनपुर में बिजली गिरने तथा बलरामपुर में पहाड़ी नाले में डूबने से हुई मौत पर शोक व्यक्त करते हुए सीएम योगी ने दिवंगतों के परिजनों को नियमानुसार अनुमन्य राहत राशि तत्काल वितरित किए जाने के और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग की बेंगलुरु इकाई के निदेशक सीएस पाटिल ने कहा कि 17 जून तक कर्नाटक के तटीय जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट का एलान किया गया है। पूरे कर्नाटक राज्य में 13 से 17 जून तक भारी बारिश की संभावना है। उत्तर कन्नड़, उडुपी, दक्षिण कन्नड़, शिवमोग्गा और चिकमंगलूर में ज्यादा से ज्यादा बारिश हो सकती है।

आईएमडी ने कहा कि अगले 48 घंटों में मध्यप्रदेश के अधिकांश हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने 5 जुलाई तक पूरे देश में मानसून के आने की उम्मीद जताई है।

मुंबई में बारिश
महाराष्ट्र में मानसून सक्रिय है। मुंबई और आसपास के उपनगरों में बीती रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश के कारण आर्थिक राजधानी के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी है। भारी बारिश के चलते जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिनों में और बारिश होने की संभावना है।

मुंबई और आसपास के इलाकों मेें हो रही बारिश के चलते जगह-जगह जलजमाव से सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा है। मौसम विभाग ने समुद्र के आसपास नहीं जाने की चेतानी दी है। मुंबई में बीते 4 दिनों में 641.3mm से ज्यादा बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक 16 जून तक 50 से 60 किमी/ घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी

चंडीगढ़ में प्री मानसून , पंजाब और हरियाणा में 15 जून से बारिश
शहर में प्री मानसून बारिश पिछले दो दिनों से जारी है। तेज हवा के साथ हो रही बारिश के कारण जलभराव की समस्या हो गई है। सड़कों व गलियों में बारिश का पानी भर गया है। मौसम विभाग की मानें तो ये प्री-मानसून की बौछारें थीं।

विभाग के अनुसार शहर में अगले एक हफ्ते में मानसून दस्तक दे सकता है।चंडीगढ़ समेत हरियाणा और पंजाब के कई जिलों में बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में इन राज्यों में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो सकता है । भारी बारिश की वजह से राज्यों में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान होने की आशंका है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More