लीवर को रखना है स्वस्थ तो इन चीजों का जरुर करें सेवन

लिवर शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। यह शरीर में अनेक महत्वपूर्ण गतिविधियों को नियंत्रित करता है और शरीर के सुचारू रूप से कार्य करने में मदद करता है। यह खाने को पचाने में भी अहम भूमिका निभाता है और इम्यून को भी बढ़ावा देता है। इसके अलावा यह पोषक तत्वों के संचयन में भी सहायक है और रक्त से विषाक्त पदार्थों को निकाल कर उसे स्वच्छ बनाता है।

यानी कुल मिलाकर लिवर हमारे शरीर के बहुत सारे जरूरी कार्यों को पूरा करता है या उसमें मदद करता है। इसलिए स्वस्थ शरीर के लिए लिवर का स्वस्थ होना, उसका मजबूत होना भी बहुत जरूरी है। विशेषज्ञ कहते हैं कि लिवर को स्वस्थ रखना बहुत ही आसान है। इसके लिए एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाना है और दैनिक आहार में स्वास्थ्यवर्धक फलों और सब्जियों को शामिल करना है।

लहसुन 

लिवर को साफ और स्वस्थ रखने में लहसुन को बहुत उपयोगी माना गया है। यह शरीर में जाते ही लिवर में मौजूद उन एंजाइम्स को सक्रिय कर देता है, जो लिवर को साफ करने में सहायक हैं। यह लिवर को क्षति पहुंचने से भी बचाता है और उसकी ताकत को बढ़ा देता है।

हल्दी 

हल्दी को भी लिवर को साफ रखने वाले सर्वोत्तम आहारों में से एक माना जाता है। यह लिवर को डिटॉक्सीफाई करने में मदद करती है और साथ ही शरीर की वसा को पचाने की क्षमता में भी सुधार लाती है। इसके लिए 1/4 चम्मच हल्दी पाउडर एक गिलास पानी में मिलाएं और उसे उबाल कर पिएं। यह फायदेमंद हो सकता है।

नींबू

नींबू को लिवर साफ करने और उसे स्वस्थ रखने में मददगार माना जाता है। इसमें पाया जाने वाला डी-लिमोनेने नामक तत्व लिवर की कोशिकाओं को सक्रिय कर देता है, जो लिवर को साफ करने में मदद करते हैं। इसके अलावा नींबू लिवर द्वारा खनिज के अवशोषण को भी बढ़ावा देता है। इसलिए नियमित रूप से नींबू-पानी का सेवन आपको जबरदस्त फायदे दे सकता है।

ग्रीन टी 

ग्रीन टी को शरीर के लिए कई तरह से फायदेमंद माना जाता है। यह शरीर में एकत्र हुए वसा और विषाक्त पदार्थों को बाहर निकाल सकता है और उनके हानिकारक प्रभावों से भी लिवर की रक्षा करता है। एक अध्ययन के मुताबिक, जो लोग नियमित रूप से ग्रीन टी पीते हैं, उनमें लिवर कैंसर के विकसित होने का खतरा काफी कम होता है।

चुकंदर 

चुकंदर के प्रभावी गुणों की वजह से उसे लिवर को साफ करने वाले सर्वोत्तम आहारों में शामिल किया गया है। इसमें मौजूद बीटा कैरोटीन लिवर को उत्तेजित करता है और उसकी कार्यशीलता में सुधार लाता है। इसे प्राकृतिक रक्त शोधक भी माना जाता है। आप अपने दैनिक आहार में चुकंदर या फिर इसके रस को शामिल कर सकते हैं।

नोट: डॉ. परवेश मलिक एक फिजिशियन हैं और वर्तमान में पानीपत के उजाला सिग्नस महाराजा अग्रसेन अस्पताल में कार्यरत हैं। डॉ. मलिक ने हरियाणा के महर्षि मार्कंडेश्वर इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंसेज एंड रिसर्च मुल्लाना, से अपना एबीबीएस पूरा किया है। इन्होंने जनरल मेडिसिन में एमडी भी किया। पानीपत के उजाला सिग्नस महाराजा अग्रसेन अस्पताल में काम करने से पहले डॉ. परवेश ने एम.एम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च महर्षि मार्कंडेश्वर यूनिवर्सिटी में जूनियर रेजिडेंट के तौर पर काम किया है।

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित अस्वीकरण- बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More