बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र का सपा व भाजपा पर हमला, कहा- दोनों दलों ने ब्राह्मणों को ठगने का काम किया

बहुजन समाज पार्टी ने सोमवार को प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के माध्यम से संगमनगरी से चुनावी आगाज किया। प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र भाजपा और सपा पर हमलावर की मुद्रा में रहे। कहा, दोनों दलों ने ब्राह्मणों को ठगने का काम किया है। भाजपा श्रीराम के नाम पर ठेकेदारी कर रही है। रामलला के मंदिर निर्माण के नाम पर करोड़ों रुपये बटोरे गए। जिसका मंदिर निर्माण में कम चुनावी खर्च में प्रयोग ज्यादा किया जाएगा।

प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में ब्राह्मणों को रिझाते हुए उन्होंने कहाकि भाजपा ने राम मंदिर निर्माण कराना ही नहीं चाहती। इच्छाशक्ति होती तो मंदिर बन गया होता। भाजपा को राम लला के नाम पर चुनावी नैया पार करनी है, इसलिए दान और चंदा एकत्र किया जा रहा है। अब जागरूक ब्राह्मण इन रुपयों का हिसाब मांग रहा है तो भाजपा नेताओं को मिर्ची लग रही है। मंदिर के लिए जमीन की खरीद में रुपयों का बंदरबांट का मामला सामने आ रहा है।

बसपा नेता सतीश मिश्रा ने भाजपा पर हमलावर रुख कायम रखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आरोप लगाया कि वह ब्राह्मण समाज के प्रति अपने मन में खटास रखते हैं। उनकी सोच ब्राह्मणों के उत्पीड़न से आगे जाती है। ब्राह्मणों को पकड़ों, एनकाउंटर करो, जो किसी तरह बच जाएं उन्हें जेल भेज में ऐसी धाराओं में बंद कर दो कि जमानत के लाले पड़ जाएं। वह सूबे में रामराज की बात करते हैं, लेकिन वास्तविकता जंगलराज जैसी है। प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के दौरान मंच पर पूर्व मंत्री नकुल दुबे, पूर्व विधायक राम शिरोमणि शुक्ला, नरेंद्र कुमार त्रिपाठी उर्फ मुन्ना त्रिपाठी, राहुल मिश्र, भूपेंद्र तिवारी समेत कई ब्राह्मण चेहरे मौजूद रहे। संचालन बसपा जिलाध्यक्ष अभिषेक गौतम ने किया।

बसपाइयों ने भी दिखाया दमखम

बसपा के सम्मेलन में पूर्व विधायक राजबलि जैसल, संतोष हेला, मनोज पासी, मूल चंद्र गौड़, प्रमोद पासी, ज्ञान सिंह पटेल, चांद मोहम्मद चंदू, राजकमल, घनश्याम पटेल, अखिलेश गौतम, अहमद अंसारी, राजकुमार गौतम के साथ अन्य पदाधिकारी, बसपा नेता मौजूद रहे।

ब्राह्मण एकता की गणित बताई, बोले एक हों तो सत्ता में होंगे सर्वोपरि

बसपा महासचिव ने ब्राह्मण समाज को सत्ता की धुरी बताते हुए चुनावी और वोटों की गणित बताई। उन्होंने प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में कहा कि ब्राह्मण एक हो जाएं तो बिना उनके कोई पार्टी सरकार ही नहीं बना सकती। सतीश मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में करीब तीन करोड़ ब्राह्मण हैं। तेरह प्रतिशत ब्राह्मणों के साथ 26 प्रतिशत दलित आपके साथ हैं। दोनों एक होंगे तो आत्म सम्मान सुरक्षित होगा। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि ब्राह्मणों के खिलाफ आतंक फैलाने वालों को उखाड़ फेंके। मुंह में राम और बगल में छुरी रखने वाली सरकार को उखाड़ फेंकने की रणनीति पर काम करना है।

प्रदेश में महिला उत्पीड़न बढ़ा, हर घंटे में एक दुष्कर्म

बसपा महासचिव सतीश मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपाइयों के गुंडाराज से जंगलराज कायम हो गया है। महिला उत्पीड़न की घटनाओं में वृद्धि से हर तरह खौफ है। हर एक घंटे में दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। ब्राह्मण समाज की महिलाओं को भी निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने खुशी दुबे मामले का उदाहरण देते हुए कहा कि खुशी की जमानत न हो इसके लिए उन पर साथ बंद महिलाओं के धमकाने के आरोप लगाए गए।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More