यूपी : रेप करने में असफल रहे दबंगों ने महिला की आँख दागी, गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के ललितपुर में चाकू गर्म कर महिला की आंखें दागने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनको जेल भेज दिया है। आरोपियों को दबोचने के बाद एसपी ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित महिला से मुलाकात कर हालचाल लिया। छेड़छाड़ का विरोध कर महिला ने बहादुरी से दबंगों का सामान किया था।

नहीं कर पाए रेप, तो दाग दी आंखें

जिले के थाना बार के धमना गांव निवासी 25 साल की महिला अपने घर लौट रही थी। उसी दौरान रास्ते में स्कूल के पास उसके पड़ोस में रहने वाले हिमांशु रायकवार और गंगाराम ने उसको दबोच लिया। दोनों उसको अगवा कर सुनसान इलाके में ले गए। इसके बाद महिला के साथ रेप करने का प्रयास किया, लेकिन हिम्मत दिखाते हुए महिला उनसे भिड़ गई। उसने चप्पल निकाल ली और हमला कर दिया। इसके बाद दोनों व्यक्तियों ने उसके साथ मारपीट की। फिर चाकू को गर्म कर उसकी आंखें दाग दी। महिला दर्द से तड़पने लगी।

रातभर बेहोश तड़पती रही महिला

आंखें दागने के बाद भी दोनों व्यक्ति महिला को पीटते रहे। इस बीच पेट्रोलिंग कर रही पुलिस का सायरन सुन दोनों लोग डर के वहां से भाग खड़े हुए। महिला पूरी रात बेहोशी की हालत में वहां पड़ी रही। रातभर महिला के घर न पहुंचने पर उसकी देवरानी महिला को तलाश करने निकली। इस दौरान देवरानी को महिला जमीन पर पड़ी मिली। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित महिला को एंबंलेंस से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा है।

बोली पुलिस-कड़ी कार्रवाई होगी

पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि, आरोपी हिमांश व गंगाराम को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। सोमवार को महिला की रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ धाराएं बढ़ा दी गईं थीं। मंगलवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More