आगरा में पहले चरण में नौ विधानसभा क्षेत्रों में होगी वोटिंग

आगरा: शनिवार को चुनावी तिथियों की घोषणा के साथ ही चुनावी बिगुल बज चुका है और आचार संहिता लागू हो चुकी है। इस बार यूपी समेत 5 राज्यों में होने वाले विधनसभा चुनाव कोरोना के साये में होंगे। आगरा में पहले चरण में वोटिंग होनी है जिसके लिए आगरा प्रशाशन ने पहले से ही कमर कस ली है।
पहले चरण की 58 सीटों में आगरा की 9 सीटों पर 10 फरवरी को मतदान होगा। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि 14 से 21 जनवरी तक नामांकन प्रक्रिया होगी। नामांकन की जांच 24 जनवरी और नाम वापसी 27 जनवरी तक होगा। मतदान 10 फरवरी को होगा। अचार संहिता पालन के लिए पुलिस प्रशासन की टीमों की सड़कों पर गश्त शुरू हो गई है।

जिले की नौ विधानसभा सीटों पर पहले चरण में चुनाव होगा। 14 से 21 जनवरी तक कलक्ट्रेट में सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नामांकन होंगे। 10 फरवरी को जिले में 1768 मतदान केंद्रों के 3896 मतदेय स्थलों पर मतदान होगा। जिले की नौ सीटों पर कुल 34,61,217 मतदाता हैं। जिनमें 18,80006 पुरुष एवं 15,81072 महिला मतदाता हैं।
तैयारियां हुई पूरी
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि चुनाव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। पहले चरण में निष्पक्ष व भयमुक्त चुनाव के लिए जिले को 53 जोन और 390 सेक्टर में बांटा है। सभी कार्यों के लिए प्रभारी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जा चुकी हैं। इस बार कोविड प्रोटोकॉल के साथ चुनाव होगा। प्रत्येक बूथ पर हेल्प डेस्क बनेगी। आदर्श अचार चुनाव संहिता का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।

अचार संहिता प्रभारी एवं एडीएम प्रशासन अजय कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक व फोर्स के साथ शनिवार रात आठ बजे एत्मादपुर क्षेत्र में भ्रमण किया। सभी पोस्टर बैनर हटवाए। विधानसभा चुनाव 2017 में जिले में 63.49 प्रतिशत मतदान हुआ था।
ये तिथियां महत्वपूर्ण
14 से 21 जनवरी- नामांकन (सुबह 11 से 3 बजे तक)
24 जनवरी- नामांकन पत्रों की जांच (सुबह 11 से 3 बजे )
27 जनवरी – नाम वापसी ( सुबह 11 से 3 बजे तक)
10 फरवरी- मतदान
10 मार्च – मतगणना

10 फरवरी को आगरा की इन 9 सीटों के लिए होगा मतदान
1. आगरा कैंट विधानसभा सीट
2. आगरा उत्तर विधानसभा सीट
3. आगरा दक्षिण विधानसभा सीट
4. आगरा ग्रामीण विधानसभा सीट
5. एत्मादपुर विधानसभा सीट
6. बाह विधानसभा सीट
7. फतेहाबाद विधानसभा सीट
8. फतेहपुर सीकरी विधानसभा सीट
9. खेरागढ़ विधानसभा सीट

विष्णुकांत शर्मा  संवाददाता आगरा

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More