शराब के लिए पैसे मांगने पर दंपती में विवाद, थप्पड़ के बदले मिली मौत
मेरठ के कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र के शिवलोकपुरी में गुरुवार सुबह शराब के लिए पैसे मांगने पर दंपती में विवाद हो गया। इस पर शिक्षिका महिला ने अपने पति को थप्पड़ मार दिया। गुस्साए पति ने पहले हथौड़े से वार कर व बाद में चाकू से गला रेतकर पत्नी की हत्या कर दी थी। महिला सरकारी स्कूल में शिक्षिका थी। हत्या के बाद आरोपी चाकू लेकर थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दिन निकलते ही हुई वारदात की जानकारी मिलने पर आस-पड़ोस के लोग सहम उठे।
जानकारी के अनुसार शिवलोकपुरी में नत्थू सिंह सेवानिवृत वकील का परिवार रहता है। नत्थू सिंह के दो बेटे हैं। जिनमें, देवेंद्र वर्मा अपनी पत्नी प्रतिमा वर्मा के साथ रहता है। प्रतिमा वर्मा नानू स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षिका थी। गुरुवार को देवेंद्र ने पत्नी से शराब के लिए पैसे मांगे। जिसको लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। प्रतिमा पति को शराब पीने से मना कर दिया। विवाद होने पर प्रतिमा ने पति देवेंद्र को थप्पड़ मार दिया। इसी एक थप्पड़ ने 13 साल की लव मैरिज को हत्या में बदल दिया।
Comments are closed.