50 के हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज आगरा

सामवाद्दता

रविवार 5 जून को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 50 साल के हो गए हैं। पूरे प्रदेश में अलग-अलग संगठनों ने अलग-अलग तरीके से तैयारी कर रखी है पर खास बात यह है कि सीएम योगी अपना जन्‍मदिन खुद नहीं मनाते।
उत्‍तराखंड के पंचुर के अजय सिंह बिष्ट (अब योगी आदित्यनाथ के नाम से जाने जाते हैं) बचपन से ही बहुत कुशाग्र और कर्मठ स्‍वभाव के थे। बाल्‍यकाल में ही उनका मन ज्ञान-विज्ञान के जटिल प्रश्‍नों को हल करने के साथ-साथ अध्‍यात्‍म की ओर भी झुकने लगा था। 5 जून 1972 को उत्तराखण्ड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित यमकेश्वर तहसील के पंचुर गांव में योगी आदित्यनाथ का जन्म हुआ। उनके पिता आनन्द सिंह बिष्ट फॉरेस्ट रेंजर थे। उनकी माता का नाम श्रीमती सावित्री देवी है। 20 अप्रैल 2020 को उनके पिता आनन्द सिंह बिष्ट का निधन हो गया। योगी आदित्‍यनाथ संन्यासी होने के साथ-साथ जननेता हैं। अपनी माता-पिता की सात संतानों में तीन बड़ी बहनों और एक बड़े भाई के बाद योगी आदित्‍यनाथ पांचवें थे। उनसे छोटे दो भाई हैं। योगी आदित्‍यनाथ ने गढ़वाल विश्विद्यालय से गणित में बीएससी किया है। योगी आदित्यनाथ का नाम लोकसभा में पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के सांसदों की सूची में भी शामिल है। गोरक्षपीठाधीश्‍वर महंत अवेद्यनाथ ने उन्हें अपना उत्तराधिकारी घोषित किया। 1998 में वह पहली बार सांसद चुने गए। योगी आदित्यनाथ जब 12वीं लोकसभा में सांसद बनकर पहुंचे तब उनकी उम्र मात्र 26 साल थी। इसके बाद आदित्यनाथ 1999, 2004, 2009 और 2014 में भी लगातार सांसद चुने जाते रहे। सितंबर 2014 में उनके गुरु महंत अवेद्यनाथ के समाधि लेने के बाद वह गोरक्षपीठाधीश्‍वर बने। योगी आदित्यनाथ एक सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रवादी संगठन हिंदू युवा वाहिनी के संस्थापक भी हैं। मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ विजयदशमी पर दंडाधिकारी की भूमिका में रहते हैं। गोरखनाथ मंदिर में होने वाली पात्र पूजा में नाथ संप्रदाय के संतों की बकायदा अदालत लगती। अदालत में वह बतौर दंडाधिकारी संतों के आपसी विवाद भी सुलझाते हैं। साल1993 की बात है। गणित में एमएससी की पढ़ाई के दौरान अजय सिंह बिष्‍ट जिनका संन्‍यास ग्रहण करने के बाद नाम योगी आदित्‍यनाथ पड़ा, गुरु गोरखनाथ पर शोध करने के लिए गोरखपुर आए। यहां रहते हुए वह तत्‍कालीन गोरक्षपीठाधीश्‍वर महंत अवेद्यनाथ के संपर्क में आए। उनके तरुण मन पर महंत अवेद्यनाथ का काफी प्रभाव पड़ा। गोरक्षपीठाधीश्‍वर भी उनसे प्रभावित थे।
सीएम बनने से पहले सांसद के रूप में योगी आदित्‍यनाथ सड़क से संसद तक लगातार सक्रिय दिखते थे। फिर चाहे वो कानून व्‍यवस्‍था का मुद्दा हो या इंसेफेलाइटिस जैसी जानलेवा बीमारी का। इंसेफेलाइटिस से 50 हजार से अधिक जानें जा चुकी थीं। सीएम बनने के बाद दस्‍तक अभियान के जरिए उन्‍होंने इंसेफेलाइटिस के खिलाफ अभियान छेड़ा। इस पर बीमारी पर काफी हद तक काबू पाया। संन्यासी बनने के बाद से योगी आदित्‍यनाथ गेरुआ ही पहनते हैं। वह बेहद साधारण और सादगी से भरा जीवन जीते हैं। यह सादगी उनके कपड़ों से लेकर भोजन तक में दिखती है लेकिन उनकी लोकप्रियता ऐसी है कि कपड़ों के रंग गेरुआ का क्रेज भी बढ़ गया। उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद आम लोग भी गेरुआ शर्ट, टी-शर्ट और गमछा आदि का इस्‍तेमाल करते खूब नज़र आने लगे। सांसद रहे हों या अब मुख्‍यमंत्री के रूप में योगी आदित्‍यनाथ युवाओं और बच्‍चों में जोश भरने का कोई मौका नहीं छोड़ते। फिर चाहे क्रिकेट की पिच पर बल्‍ला थाम कर उतरना ही क्‍यों न पड़े। योगी का यह उत्‍साह युवाओं और बच्‍चों को लुभाता है। वे उनसे जुड़ते चले जाते हैं। फेम इंडिया मैगजीन द्वारा 50 प्रभावशाली भारतीयों की वर्ष 2020 के सर्वे के अनुसार वह प्रभावशाली व्यक्तियों की श्रेणी में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के बाद दूसरे नंबर पर हैं। योगी आदित्‍यनाथ अपनी कर्मठता, सादगी और ईमानदार नेता की छवि से विरोधियों के दिलों में भी कुछ हद तक जगह बनाने में सफल रहे हैं। हालांकि सियासी दंगल में उनकी छवि अक्रामक नेता की रही है। राजनीतिक लड़ाइयों जब कभी अवसर आता है वह तथ्‍यों और पूरी दृढ़ता के साथ अपनी बात रखते हैं।
2022 के राज्य विधानसभा चुनावों में योगी आदित्यनाथ के सामने अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी और उसके साथ सत्ता-विरोधी लहर के रूप में 2 चुनौती थी। सारी चुनौतियों को पार करते हुए उन्होंने दूसरे कार्यकाल की ऐतिहासिक जीत दर्ज की पूरे पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद सत्ता में आने वाले यूपी के एकमात्र सीएम बन गए। सीएम पद पर दोबारा चुने जाने के बाद योगी आदित्यनाथ को पीएम मोदी के उत्तराधिकारी बनने के दावे के रूप में देखा जा रहा है।
50वें जन्मदिन के अवसर पर तमाम हस्तियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री मायावती, अखिलेश यादव ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ जीवन की कामना की है।
*विष्णु कान्त शर्मा वरिष्ठ संवाददाता आगरा*

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More