दूसरे दिन भी राहुल गांधी से ED की पूछताछ, कई कांग्रेसी नेता किए गए गिरफ्तार

नेशनल हेराल्ड केस में ED के सवालों का जवाब देने दूसरे दिन राहुल गांधी कार से जांच एजेंसी के ऑफिस पहुंचे। उनके साथ प्रियंका गांधी भी थीं। राहुल को छोड़ने के बाद प्रियंका वहां से चली गईं। उनके साथ पैदल मार्च करके जा रहे कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को घसीटकर पुलिस ने वैन में बैठा लिया। मार्च में शामिल अन्य नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। सुरजेवाला ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान पी चिदंबरम को पसली में चोट आई है।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बघेल की पुलिस से झड़प तक हो गयी

कांग्रेस कार्यालय के पास लगे बैरिकेड पर रोके जाने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की दिल्ली पुलिस से कहा सुनी हो गई। उन्होंने पुलिस से कहा- आप एक मुख्यमंत्री को नहीं रोक सकते हैं। लेकिन, पुलिस ने उन्हें नहीं जाने दिया। इससे पहले राहुल अपने घर से प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। जहां कांग्रेस के तमाम नेताओं ने ओपन एरिया में बातचीत की। यहां से रणनीति तैयार होने के बाद राहुल ED दफ्तर के लिए रवाना हुए।

इससे पहले सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ईडी अधिकारियों ने करीब 10 घंटे तक पूछताछ की थी। सोमवार को राहुल गांधी से ईडी ने दो चरणों में पूछताछ की थी। लंच से पहले करीब 3 घंटे तक राहुल से पूछताछ हुई थी। इसके बाद राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ सर गंगा राम अस्पताल में सोनिया गांधी से मिलने पहुंचे थे। वहां से आने के बाद राहुल फिर से ईडी दफ्तर पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक पहली बार ईडी की पूछताछ का सामना करने वाले राहुल गांधी ने अधिकांश सवालों पर चुप्पी साध ली थी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More