भूमि विवाद मे बहराइच के SDM और उनके भाई की पिटाई का वीडियो वायरल

सुल्तानपुर में गोसाईंगंज क्षेत्र के देवरिया गांव में तीन दिन पूर्व भूमि विवाद में चचेरे भाई ने परिवार के साथ मिलकर गांव पहुंचे बहराइच जिले के मिही पुरवा तहसील के एसडीएम की पिटाई कर दी। पिटाई से एसडीएम को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने एसडीएम के भाई की तहरीर पर दंपती और पांच अज्ञात के खिलाफ घर में घुसकर जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। मंगलवार को घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला सार्वजनिक हुआ।

देवरिया गांव निवासी हरिश्चंद त्रिपाठी का अपने चचेरे भाई राजीव कुमार त्रिपाठी से भूमि का विवाद चल रहा है। हरिश्चंद त्रिपाठी के बड़े भाई ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी बहराइच के मिही पुरवा तहसील के एसडीएम हैं। आठ जुलाई को एसडीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी गांव आए थे।

आरोप है कि विवादित भूखंड पर एसडीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी अपने भाई हरिश्चंद्र त्रिपाठी के साथ मिलकर निर्माण कर रहे थे। नौ जुलाई को इसकी जानकारी प्रतापगढ़ में संस्कृत के प्रवक्ता राजीव कुमार त्रिपाठी को हुई तो वे भी गांव आ गए। नौ जुलाई की सुबह दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर राजीव कुमार त्रिपाठी समेत अन्य लोगों ने एसडीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी की पिटाई कर दी। इस बीच कुछ लोगों ने घटना एक वीडियो भी बनाया, जिसमें एसडीएम को राजीव कुमार त्रिपाठी जकड़े हुए हैं।

पुलिस ने एसडीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी के भाई हरिश्चंद्र त्रिपाठी की तहरीर पर राजीव कुमार त्रिपाठी, उनकी पत्नी पत्नी व पांच अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी संदीप राय ने बताया कि हरिश्चंद्र त्रिपाठी की तहरीर पर राजीव त्रिपाठी, शोभना त्रिपाठी व पांच अज्ञात के खिलाफ घर में घुसकर जानलेवा हमला, बलवा का केस दर्ज किया गया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More