बाइक और टेम्पो में आमने सामने भीषण टक्कर, बाइक सवार की मौत

राष्ट्रीय जजमेन्ट फर्रुखाबाद:- मार्ग दुर्घटना में टैम्पो व बाइक में आमने-सामने हुई भिड़न्त में बाइक सवार गम्भीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान बाइक सवार घायल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बाइक तथा टेंपो को कब्जे में ले लिया।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मंझना निवासी 32 वर्षीय सुनील कुमार सक्सेना पुत्र श्याम सुंदर शुक्रवार की शाम मोटरसाइकिल द्वारा आवश्यक कार्य से कायमगंज गया था। वहां से वापस लौटते समय फैजबाग से अपने घर मंझना जा रहा था। कायमगंज फर्रुखाबाद मार्ग पर हजियापुर मंदिर के सामने गुजरते समय अचानक टेम्पो तथा बाइक सवार की आमने-सामने भिड़न्त हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार चालक गम्भीर रूप से घायल हो गया।

वहीं बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। यहां तक कि टेम्पो में सवार कुछ यात्रियों के भी घायल होने जानकारी मिली है। इसके साथ ही टेम्पो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ लोगों ने दुर्घटना की सूचना शमसाबाद पुलिस को दी। शमशाबाद थाना पुलिस तथा फैजबाग पुलिस मौके पर पहुंची और गम्भीर रूप से घायल बाइक सवार को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद भेजा गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद मौके पर पुलिस को एक मोबाइल मिला, जिसमें पहले नम्बर पर कॉल कर दुर्घटना की जानकारी दी गयी। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने युवक को मंझना थाना नबाबगंज का निवासी बताकर बाइक चालक के परिजनों का फोन नम्बर दिया। तब परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दी जा सकी। दुर्घटना को अंजाम देने वाले टेम्पो को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। मौत की सूचना मिलते ही घर परिवार में कोहराम मच गया।

ग्रामीणों के अनुसार सुनील कुमार की पत्नी प्रीति अपने मायके में थी। मृतक के रिद्धि सिद्धि दो बच्चे बताए गए हैं। इस दुखद घटना का समाचार जब मृतक की पत्नी प्रीति को मिला तो वह भी दहशत में आ गई और विलाप करने लगी।

प्रभारी थाना अध्यक्ष शमशाबाद मनोज कुमार भाटी ने बताया शुक्रवार की रात्रि हजियापुर मन्दिर के पास बाइक सवार तथा टेम्पो की भिड़न्त की सूचना मिली थी। जिस पर पुलिस को मौके पर भेजा गया था। वहीं गम्भीर रूप से घायल बाइक सवार को उपचार हेतु लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया गया शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।इसके बाद आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।

फर्रुखाबाद से विक्रान्त सिन्हा की रिपोर्ट,

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More