बालू लदे डंपर ने गर्भवती को कुचला, गर्भ से बाहर निकल आया बच्चा

विष्णु कान्त शर्मा
फिरोजाबाद के थाना नारखी क्षेत्र के गांव बरतरा के पास बालू से भरे डंपर ने गर्भवती महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके पेट में पल रहा शिशु बाहर निकल आया। नवजात शिशु को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह बालिका है। वह सही सलामत बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक आगरा के धनौली निवासी रामू की पत्नी कामिनी (उम्र 26 वर्ष) करीब आठ महीने की गर्भवती थी। वह उसे लेकर बाइक से फिरोजाबाद के कोटला फरिहा जा रहा था। कोटला फरिहा में कामिनी का मायका है। थाना नारखी क्षेत्र के गांव बरतरा के पास गलत दिशा से आ रही बाइक को बचाने के चक्कर में रामू की बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक पर पीछे बैठी कामिनी गिर गई।
इसी दौरान पीछे से आ रहे बालू भरे डंपर ने कामिनी को कुचल दिया। घटना में कामिनी की मौके पर ही मौत हो गई। उसके गर्भ से शिशु बाहर आ गया। घटना इतनी भयावह थी कि जिसने भी देखा उसका कलेजा कांप गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नवजात शिशु को अस्पताल भिजवाया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कामिनी की ससुराल और मायके में कोहराम मच गया है। उसके पति का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना में जहां मां की जान चली गई, वहीं उसके नवजात शिशु को खरोंच तक नहीं आई है। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है। नारखी थाना प्रभारी फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने बताया कि हादसे के बाद डंपर चालक भाग गया। वाहन को कब्जे में लिया है। चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
विष्णु कान्त शर्मा संवाददाता राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More