सिडनी. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैच की सीरीज के आखिरी टेस्ट के पहले दिन भारत ने पहली पारी में 90 ओवर में चार विकेट पर 303 रन बनाए। चेतेश्वर पुजारा टॉप स्कोरर रहे। वे 130 रन बनाकर नाबाद रहे।
मंयक अग्रवाल ने भी अहम योगदान दिया। उन्होंने 77 रन बनाए। लोकेश राहुल फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। वे नौ रन ही बना पाए। विराट कोहली 23 और अजिंक्य रहाणे 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड सबसे सफल रहे। उन्होंने दो, जबकि मिशेल स्टार्क और नाथन लियोन ने एक-एक विकेट लिए।
पुजारा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5वां टेस्ट शतक लगाया
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैच की सीरीज के चौथे और आखिरी टेस्ट के पहले दिन चेतेश्वर पुजारा ने शतक लगाया। उन्होंने इस सीरीज में तीसरी बार शतक लगाया। उन्होंने एडिलेड और मेलबर्न टेस्ट में भी शतक लगाए थे। यह पुजारा के करियर का 18वां और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवां टेस्ट शतक है।
Take a bow, Cheteshwar Pujara!
Another outstanding knock for his fifth Test ton against Australia.#AUSvIND | @Domaincomau pic.twitter.com/n692cZ7WrC
— cricket.com.au (@cricketcomau) January 3, 2019
पुजारा ने इस सीरीज में जिस-जिस टेस्ट में शतक लगाया, टीम इंडिया ने उसमें जीत हासिल की। इस मैच में उन्होंने मिशेल स्टार्क की गेंद पर चौका मारकर अपना शतक पूरा किया। पुजारा ने इस पारी में अपना अर्धशतक भी चौका मारकर पूरा किया था।
पुजारा ने ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज में पहली बार तीन शतक लगाए। ऐसा कर उन्होंने सुनील गावस्कर के रिकॉर्ड की बराबरी की। गावस्कर ने 1977/78 में खेली गई सीरीज में तीन शतक लगाए थे। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में विराट कोहली नंबर वन भारतीय हैं। उन्होंने 2014/15 में हुई सीरीज में चार शतक लगाए थे।
200+ गेंदें खेलने के मामले में गावस्कर को पीछे छोड़ा
पुजारा ने इस सीरीज में चौथी बार 200 से ज्यादा गेंदें खेलीं। वे ऑस्ट्रेलिया में एक सीरीज में सबसे ज्यादा चार बार 200+ गेंदें खेलने वाले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने गावस्कर को पीछे छोड़ा। गावस्कर ने 1977/78 में खेली गई सीरीज में तीन बार 200 से ज्यादा गेंदें खेली थीं।
खराब शुरुआत के बाद मयंक-पुजारा ने संभाली पारी
इस मैच में भारत की शुरुआत खराब रही। उसके सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल पारी के दूसरे ओवर की तीसरी ही गेंद पर आउट हो गए। उस समय भारत का स्कोर सिर्फ 10 रन ही था।
हालांकि, इसके बाद मयंक अग्रवाल और चेतेश्वर पुजारा ने मिलकर टीम के स्कोर 126 रन तक पहुंचाया। इस समय मयंक 77 और पुजारा 33 रन पर खेल रहे थे। इसी स्कोर पर मयंक आउट हो गए।
-
पहला विकेट, (1.3 ओवर) : जोश हेजलवुड ने अपना पहला ओवर फेंका। उनकी पहली गेंद पर राहुल ने चौका जड़ा। दूसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना पाए। तीसरी गेंद को राहुल ने इसे डिफेंस करने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए फर्स्ट स्लिप पर शान मार्श के हाथों में पहुंच गई।
-
दूसरा विकेट, (33.6 ओवर) : नाथन लियोन के ओवर की यह गेंद शॉर्ट थी। मयंक ने ओवर की चौथी गेंद पर छक्का जड़ा था। आखिरी गेंद को भी मयंक ने सीमा रेखा के पार भेजने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले पर पूरी तरह से आ नहीं पाई और मिशेल स्टार्क ने उनका कैच पकड़ लिया।
-
तीसरा विकेट, (52.5 ओवर) : जोश हेजलवुड की इस गेंद पर भारतीय कप्तान विराट कोहली ने स्क्वायर कट लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले पर नहीं आई और ग्लव्स से लगकर उछली। विकेट के पीछे टिम पेन ने छलांग लगाते हुए उनका कैच पकड़ लिया। इस समय टीम का स्कोर 180 रन था।