अखिलेश से मुलाकात के बाद जयंत चौधरी ने कहा- हम एक साथ मिलकर भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे

0
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के नेता जयंत चौधरी ने बुधवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की और कहा कि हम एक साथ मिलकर भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। हमारे लिए सीटों का बंटवारा कोई मुद्दा नहीं है बल्कि रिश्ते अहम हैं।
इस दौरान जयंत चौधरी ने कैराना मॉडल को भी याद किया। कहा कि, कैराना में हमने एक दूसरे के साथ तालमेल बनाया। हमने अपना पराया नही देखा, सफलता हासिल हुई। लड़ाई मैं की नही लड़ाई हमारी है, हम मिलकर लड़ेंगे।
जयंत ने कहा कि अखिलेश से अच्छे माहौल में मुलाकात हुई और उनका रुख लचीला है। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है जब पूरे देश में भाजपा के खिलाफ प्रभावी गठबंधन खड़ा होगा।
बसपा प्रमुख मायावती व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 12 जनवरी को संयुक्त प्रेसवार्ता कर यूपी में गठबंधन का ऐलान किया था। जिसमें ये भी तय हो गया था कि दोनों पार्टियां 38-38 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। जिसके बाद ये माना जा रहा था कि दो सीटें रालोद को मिल जाएंगी। हालांकि, रालोद पांच सीटों पर दावेदारी जता रहा है। कहा जा रहा है कि रालोद को बाकी की सीटें समाजवादी पार्टी अपने कोटे से देगी। गठबंधन ने कांग्रेस के लिए रायबरेली व अमेठी की दो सीटें छोड़ दी है। इन परंपरागत सीटों पर गठबंधन अपना प्रत्याशी नहीं खड़ा करेगा।
अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद जयंत चौधरी ने कहा कि, अखिलेश यादव से अच्छे माहौल में बात हुई है, अच्छी बात हुई। प्रभावी गठबंधन भाजपा के खिलाफ पूरे देश मे खड़ा होगा। यहां सीट का मसला नही, सवाल विश्वास का और रिश्ते का है।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More