ट्रिपल तलाक पर बनाया कानून, राम मंदिर पर क्यों नहीं: प्रवीण तोगड़िया

0
आगरा. अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर प्रवीण तोगड़िया ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। शुक्रवार को आगरा में उन्होंने कहा कि, पंचायत से लेकर ट्रिपल तलाक पर कानून बनाया गया तो फिर राम मंदिर के लिए कानून क्यों नहीं?
कहा कि, भाजपा ने देश व हम सभी को मूर्ख बनाया है। उन्होंने 9 फरवरी को दिल्ली में राजनीतिक दल बनाने का ऐलान किया। कहा कि, सरकार बनने के बाद हम राम मंदिर बनवाएंगे। युवाओं को रोजगार व किसानों का कर्जा माफ हम करेंगे।
प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि नरेंद्र भाई मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि इस सरकार में राम मंदिर का कानून और राम मंदिर नहीं बनेगा और अब आरएसएस के भैया जोशी ने कहा कि 2025 अर्थात अगले 5 साल में भी राम मंदिर नहीं बनेगा। सत्ता मिलने के बाद भी आरएसएस और बीजेपी राम मंदिर नहीं बना रही है।
इसलिए अब प्रवीण तोगड़िया ही अयोध्या में मंदिर का निर्माण, नौजवानों को रोजगार, किसानों को दाम, युवाओं को काम और व्यापारियों का सम्मान दिलाएगा।
उन्होंने कहा कि, कश्मीर के पत्थरबाजों को शांत कर कश्मीर के हिंदुओं को बताएंगे, यह सब हमारी सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 9 फरवरी को हमारी राजनीतिक पार्टी का ऐलान होगा। देश में सभी सीटों पर पार्टी प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। मैंने गठबंधन में शामिल होने से मना कर दिया है।
प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि भारत देश पर जिस देश के आतंकियों ने हमला किया, उस अफगानिस्तान को मोदी ने 22 हजार करोड़ रुपए दे दिए। देश जानना चाहता है कि तुम्हें आतंकवादियों से प्यार है और देश के किसानों से नफरत।
यदि उस पैसे को किसानों को दे दिए जाते तो 50 लाख किसानों का कर्ज माफ हो जाता। तोगड़िया ने कहा कि, पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर करने का दावा किया गया था, लेकिन खुद नवाज शरीफ का केक खाने पहुंच गए। घुटने पाकिस्तान ने नहीं, तुमने टेक दिए।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More