राफेल पर विपक्ष सिर्फ भ्रम फैला रहा है: राजनाथ सिंह

0
पटना। केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने राफेल पर विपक्ष के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि राफेल पर विपक्ष सिर्फ भ्रम फैला रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नियत और ईमानदारी पर कोई उंगली नहीं उठा सकता। राजनाथ ने कहा, मोदी पर भ्रष्टाचार का आरोप तकलीफ पहुंचाने वाले हैं। अरे मोदी किसके लिए पैसे लेंगे, बीवी या बच्चे के लिए लेंगे?
भारत के मन की बात, मोदी के साथ’ कार्यक्रम में गृहमंत्री ने कहा, “मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बेदाग है। राफेल पर विपक्ष के आरोप बेबुनियाद हैं। सिर्फ राजनीति करने के लिए कोई कुछ भी आरोप नहीं लगा सकता।”
राजनाथ सिंह ने कहा,‘ मैंने राजनीति में कभी किसी पर मनगढ़ंत आरोप नहीं लगाए। भाषा और शब्दों की मर्यादा का हमेशा ख्याल रखा है। मैंने हमेशा स्वच्छ राजनीति की। मैं प्रधानमंत्री मोदी को सालों से जानता हॅूं। हमने मिलकर साथ-साथ काम किया। उनपर आप अन्य आरोप जो लगाना हो, लगा सकते हैं कि मोदी जी ने काम कम किया, काम अधिक किया या उनको और भी काम करना चाहिए था लेकिन, कोई माई का लाल उनकी नीयत और ईमान पर उंगली नहीं उठा सकता।’
उन्होंने कहा कि राजनीति झूठ बोलकर नहीं की जा सकती। जनता की आंखों में धूल झोंकर, उन्हें भ्रमित कर राजनीति नहीं हो सकती। 55 साल कांग्रेस ने शासन किया, फिर भी भारत की गिनती गरीब देशों में होती रही, क्यों? भारत को गरीबों का देश कहा जाता था। लेकिन आज धारणा बदल रही है। भारत दुनिया में बड़ी ताकत के रूप में जाना जाता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा बढ़ी है। अब पूरी दुनिया भारत को गंभीरता से लेता है।
राजनाथ सिंह ने दावा किया कि अगले लोकसभा चुनाव में एनडीए बिहार की सभी 40 सीटें जीतेगा। उन्होंने कहा कि देश में फिर से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही सरकार बनेगी। साथ ही लोकसभा चुनाव में भाजपा को 300 से अधिक सीटें मिलेंगी।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More