इस बार 2014 से भी ज्यादा सीटें जिताकर हमे नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाना है: चिराग पासवान

0
रांची। लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा है कि बिहार के बाद पार्टी यूपी और झारखंड में मजबूत है। ऐसे में हमारी कोशिश है यहां भी हमें लोकसभा सीटें मिलें। इसके लिए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से बात हो रही है।
पार्टी की मजबूती के कारण ही बिहार में 6 संसदीय सीटों पर पार्टी चुनाव लड़ेगी। पार्टी अध्यक्ष रामविलास पासवान राज्यसभा में जाएंगे। झारखंड और यूपी के पार्टी नेताओं से चिराग ने कहा कि उम्मीद है कि हमें सीटें मिलेंगी। अगर सीट नहीं मिली तो निराश नहीं होना है। हर एनडीए उम्मीदवार हमारा उम्मीदवार है, उसे जिताएं। इस तरह मदद करें कि वह कह सकें कि लोजपा कार्यकर्ताओं के कारण ही उसे जीत मिली।
  1. चिराग ने घोषणा की कि लोकसभा चुनाव के बाद होनेवाले हर राज्यों के विधानसभा और स्थानीय निकाय के चुनाव में पार्टी हिस्सा लेगी। रविवार को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक को चिराग संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, जिसकी सरकार होती है, उसके साथ हम नहीं जाते। बल्कि, जिसके साथ जाते हैं, उसकी सरकार बनती है। पार्टी ने पोस्ट पोल अलायंस नहीं, हमेशा चुनाव पूर्व गठबंधन किया है। इस बार भी लोजपा एनडीए का एक मजबूत हिस्सा है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में एनडीए पिछले चुनाव से भी ज्यादा सीटें जीतेगा। नरेंद्र मोदी एक बार फिर भारी बहुमत से सरकार बनाएंगे और देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। लोजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक रविवार को संपन्न हुई। प्रधानमंत्री मोदी के बरौनी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के चलते रामविलास पासवान दूसरे दिन बैठक में नहीं थे।
  2. मोदी सरकार में हर वर्ग के लोगों की हुई तरक्की, देश की बढ़ी प्रतिष्ठा
    लोजपा ने राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में रविवार को राजनीतिक प्रस्ताव पारित कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार में हर वर्ग के लोगों की तरक्की हुई है। देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। एनडीए के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा है। आर्थिक क्षेत्र में काफी उपलब्धियां हासिल हुई हैं। दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, सवर्ण, मजदूर, किसान, व्यापारी, युवा, महिलाओं आदि की आकांक्षाएं पूरी हुई हैं। उनके बेहतर जीवन के लिए उज्ज्वला, आयुष्मान, सौभाग्य, कौशल विकास, स्वच्छ भारत अभियान आदि दर्जनों योजनाएं सफल रहीं। मोदी ने जिस तरह बुनियादी सुविधाओं को महत्व दिया, उतना अब तक किसी केंद्र सरकार ने नहीं दिया था। राजनीतिक प्रस्ताव में गरीब सवर्णों को सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत आरक्षण देने और किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपए देने की प्रशंसा हुई है।
  3. बेहतर आयोजन के लिए वीरेंद्र प्रधान को दी बधाई
    राष्ट्रीय कार्यसमिति के बेहतर आयोजन के लिए लोजपा के सभी नेताओं ने मंच से वीरेंद्र प्रधान को बधाई दी। चिराग पासवान ने कहा कि जब से प्रधान झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष बने हैं, यहां पर संगठन का काम तेज गति से जारी है।
  4. नीतीश कभी गलत काम कर ही नहीं सकते, महागठबंधन होगा धाराशाई
    कार्यसमिति की बैठक के बाद हुई प्रेस वार्ता में चिराग ने दावा किया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कभी गलत कर ही नहीं सकते। नीतीश पर पूरे बिहार को विश्वास है। महागठबंधन पर पूछे सवाल पर चिराग ने उल्टे पूछा कि महागठबंधन है कहां। एक साथ दिखने और रहने में बड़ा ही अंतर होता है। बिहार में जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा अभी से एक-दूसरे के खिलाफ ताल ठोक रहे हैं। चिराग ने दावा किया कि चुनाव की घोषणा होते ही पूरा महागठबंधन धाराशाई हो जाएगा।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More