महापरिवर्तन की आवाज़ से भाजपा की उड़ गई है नींद : अखिलेश

0
हाथरस। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज गठबंधन के उम्मीदवार (सपा प्रत्याशी रामजी लाल सुमन) के समर्थन में हाथरस के सिकंदराराऊ में आयोजित जनसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा के संकल्प पत्र को धोखा पत्र बताया और कहा कि भाजपा के राज में संविधान खतरे में है।
नगर पालिका मैदान में आयोजित रैली में भीड़ को देखकर खुश अखिलेश ने सपा-बसपा व रालोद गठबंधन को महापरिवर्तन की आवाज बताया और कहा कि ये महागठबंधन महापरिवर्तन की आवाज़ दे रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से निकली महापरिवर्तन आवाज़ से भाजपा इतनी घबरा गई है कि उसे नींद नहीं आ रही है।
BJP का संकल्प पत्र धोखा पत्र
भाजपा के घोषणा पत्र पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा भाजपा का संकल्प पत्र संकल्प पत्र नहीं, धोखा पत्र है। जो वायदे किए पांच साल पहले भाजपा ने किए वह एक भी पूरा नहीं हुए। अखिलेश ने कहा कि दुनिया के देश कितने आगे पहुँच गए और भाजपाई कहते हैं कि 2047 तक भारत सबसे विकसित देश हो जाएगा।
तब तक हमारे बीच बैठे कई लोग नहीं रहेंगे। चुनाव 2019 में हो रहे हैं। हमें सिर्फ मोदी सरकार के पाँच साल नहीं बल्कि योगी सरकार के दो सालों का भी हिसाब लेना होगा। ये सरकार बनाने का और देश को बदलने का चुनाव है। हमें इनकी भी नोटबंदी करनी है।
भाजपा ने किसानों को दिया धोखा
किसानों का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने हमारे किसान को धोखा दिया है। भाजपा का किसानों की आय दोगुनी करने का वादा भी झूठा निकला। उन्होंने कहा कि कोई हमें बताये कि भाजपा सरकार ने कितना आलू खरीदा। इन लोगों ने कोल्ड स्टोरेज ने नाम पर भी किसानों को धोखा दिया।
उन्होंने नोटबंदी की बात करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में काला धन बढ़ा, भ्रष्टाचार बढ़ा लेकिन किसान की आय नहीं बढ़ पायी। आपको पता भी नहीं लगा कि कब नोटबंदी से आपकी जेब कट गयी। सरकार जब जेबकतरों को नहीं रोक पा रही है तो और क्या करेंगे।
जवानों को बुलेट ट्रेन नहीं बुलेट प्रूफ जैकेट की ज़रुरत
सेना व सीमा सुरक्षा का मसला उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि सीमा पर हमारे जवान शहीद हो गए। देश को बुलेट ट्रेन की नहीं, हमारे जवानों को बुलेट ट्रेन नहीं बुलेट प्रूफ जैकेट की ज़रुरत है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा कहती है कि सीमाएं सुरक्षित हैं क्योंकि हम सरकार में हैं। कहा कि सरकारें आती-जाती हैं मगर सेना सीमाओं पर सदा हमारी रक्षा करती है।
उन्होंने कहा कि एफ 16 गिराने पर सवाल उठ रहे हैं तो वे लोग सवाल पूछने पर नाराज हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्या लोकतंत्र में सवाल नहीं पूछ सकते। अखिलेश ने कहा कि भाजपा के राज में संविधान खतरे में है। संविधान में दिए गए अधिकार खतरे में हैं। कहा कि भारत की संस्कृति है एक दूसरे का सम्मान करना, एक दूसरे पर भरोसा करना। हमारे समाज में भाजपा भरोसा तोड़ने का काम कर रही है।
सिर्फ कुर्सी के लिए पाकिस्तान का नाम ले रहे भाजपाई
उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया का नाम लेके भाजपा वालों ने अपने लोगों को काम दिया और सारा सामान चीन से मंगा लिया। चीन पाकिस्तान के साथ है। हमारा दुश्मन पाकिस्तान से अधिक चीन है। कहा कि भाजपा के लोग पाकिस्तान का नाम केवल कुर्सी के लिए ले रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर मोदीजी खीर खाने क्यों गए पाकिस्तान? जो खीर खाएगा वो हमारी रक्षा क्या करेगा। उन्होंने कहा कि खुद को चाय वाला बता कर सत्ता में आए मोदीजी अब चाय पर बहस नहीं कर रहे हैं।
देश के बेहतर भविष्य के लिए हटानी होगी भाजपा सरकार
उन्होंने कहा कि तरक्की के लिए नये तरीके की शिक्षा व्यवस्था लागू करने की ज़रुरत है। यहाँ के किसानों को भी विदेशों की तरह अच्छी ट्रेनिंग की ज़रुरत है। लेकिन भाजपा सरकार ऐसी साज़िश कर रही है कि हमारे नौजवान को अच्छी शिक्षा न मिल पाए। अगर शिक्षा मिले तो रोज़गार न मिल पाये।
भाजपा सरकार ने भी अंग्रेजों की तरह हमें बाँटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हमारा भविष्य इसलिए नहीं बन पा रहा है क्योंकि कुछ गलत सरकारें सत्ता में आ गयीं। देश के बेहतर भविष्य के लिए इस सरकार को हटाना होगा।
महागठबंधन देगा भारत को नया प्रधानमंत्री
भाजपा वाले कहते हैं कि गठबंधन ’सराब’ है। शायद प्रधानमंत्री से गलती इसलिए हुई क्योंकि वो पढ़कर बोल रहे थे। मोदी की हिंदी सही है और न भाषा। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले कहते हैं हम नया भारत बनाएंगे। लेकिन महागठबंधन ने तय किया है कि हम भारत को नया प्रधानमंत्री देंगे। उन्होंने कहा कि ये किसानों का, गरीबों का, सामाजिक न्याय दिलाने वालों का गठबंधन है।
उन्होंने कहाकि केंद्र में गठबंधन की सरकार बनी तो गरीब माता बहनों को तीन हजार रुपये पेंशन देंगे। कांग्रेस छह हजार रुपये पेंशन देंगे। हम पूछना चाहते हैं कि विधवा, विकलांग सहित अन्य पेंशनों का क्या करोगे? उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के शौचालयों में कोई फर्क नहीं है। कांग्रेस का एक गड्ढे वाला, भाजपा का दो गड्ढों वाला। मगर पानी दोनों ने नहीं दिया।
योगी भी रहे अखिलेश के निशाने पर 
रैली के दौरान अखिलेश ने प्रदेश की योगी सरकार को भी निशाने पर लिया और बेरोजगारी का मसला उठाते हुए कहा कि हम मुख्यमंत्री योगी से निवेदन करेंगे कि आप टीवी और अख़बार में एक विज्ञापन दे दें कि जो भी नौजवान कांवड़ यात्रा में गये थे उन सबको नौकरी देंगे। अगर सरकारी नौकरी ना दे पाएं तो अपने मठ में रख लें। और अगर ये भी नहीं कर सकते तो इस बार नौजवान भाजपा को मठ में वापस भेज देंगे।
उन्होंने कहा कि हम भाजपा वालों से पूछना चाहते हैं कि जब हमारा आवास खाली हुआ था तो क्यों उसे गंगाजल से धुलवाया गया? अगर गंगाजल से धुलवाया तो जनता जानना चाहती है कि योगी जी के मन में क्या था। कहा कि जानवरों को काटने वाला कारोबार भाजपा के शासन में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि स्नान करना भी नहीं जानते हमारे बाबा मुख्यमंत्री योगीजी।
लेकिन फिर भी योगीजी इतने जानकार हैं कि उन्होंने भगवान की जाति बताना भी शुरू कर दिया। इस बार हनुमान जी भी योगीजी से नाराज है। इस बार इनका हिसाब-किताब कर देंगें।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More