सहारनपुर और बिजनौर में प्रिंयका ने किया रोड शो

0
सहारनपुर/बिजनौर। कांग्रेस महासचिव एवं पूर्वी उ.प्र. की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और बिजनौर में रोड शो किए और अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे।
आज पूर्वान्ह बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के सेंट मैरी कालेज, नजीबाबाद रोड पहुंचने पर कांग्रेस के बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी नसीमुद्दीन सिद्दीकी, नगीना लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस की प्रत्याशी ओमवती, पूर्व सांसद राशिद अल्वी, पूर्व सांसद सईदुज्जमां एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष डूंगर सिंह सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं ने प्रियंका गांधी वाड्रा का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
इसके बाद वे शक्ति टाकीज चैराहा पहुंचीं जहां पर जोश एवं उत्साह से परिपूर्ण स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। चारों तरफ से फूल-माला एवं पुष्प वर्षा कर लोगों ने प्रियंका का अभिनन्दन कर कांग्रेस प्रत्याशी के साथ होने के साथ ही अपना पूर्ण समर्थन और जीत का संदेश गगनभेदी नारों के साथ दिया।
यहां से किरन उत्सव मंडप होते हुए पंजाबी कालोनी, महिला चिकित्सालय के सामने होते हुए पोस्ट आफिस चैराहा, शम्भू का चौराहा और यहां से घण्टाघर पहुंचीं। जिसके बाद पुरानी तहसील पर उनका स्वागत किया गया। मेरठ चुंगी एवं चांदपुर चुंगी व रामलीला ग्राउण्ड नूरपुर रोड पर भी उपस्थित जनसमुदाय ने श्रीमती गांधी के प्रति अपनत्व की भावना का प्रदर्शन किया।
बिजनौर में रोड शो करने के बाद प्रियंका दोपहर बाद करीब ढाई बजे सहारनपुर पहुंची, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। सहारनपुर में उनके चार किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान यातायात थम सा गया क्योंकि मार्ग पार्टी समर्थकों से भर गए।
यह रोड शो करीब एक घंटे तक चला। इसी बीच प्रियंका गांधी ने अपना सुरक्षा घेरा तोड़ा और अपनी एसयूवी से बाहर आकर वह भीड़ के बीच चलने लगीं। कई लोग कांग्रेस नेत्री की एक झलक पाने के लिए अपने घरों की छतों पर चढ़ गए।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More