यमुनानगर। यमुनानगर के दामला में एक प्लाईवुड फैक्ट्री के लेबर क्वार्टर में दो गुटों के बीच रविवार रात को झगड़ा हो गया। इस झगड़े में बीच-बचाव कर रहे एक युवक के सिर में कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई।
आरोपियों को फैक्ट्री के कर्मचारियों ने एक कमरे में बंद कर रखा था लेकिन वह दीवार तोड़कर रात में फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-
मृतक मुनटुन सिंह के साथी जयप्रकाश ने बताया कि भगवती प्लाईवुड फैक्ट्री के क्वार्टर में रविवार को छुट्टी के दिन मजदूरों के दो गुटों में झगड़ा हो गया। इस बीच मुनटुन सिंह बीच बचाव कर रहा था। झगड़ा बढ़ने लगा तो मुनटुन का मोबाइल जमीन पर गिर गया। इसी दौरान एक गुट के युवक ने दूसरे गुट पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया।
-
वह कुल्हाड़ी दूसरे गुट के मजदूरों को न लगकर मुनटुन के सिर में जाकर लगी। इससे मुनटुन बुरी तरह जख्मी हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप युवक को दूसरे साथियों ने फैक्ट्री में बंद कर रखा था लेकिन वह रात में दीवार तोड़कर भाग निकला। सदर थाने के पुलिस अधिकारी महल सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला दर्ज कर लिया गया है। युवक का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है, इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।