ओम प्रकाश राजभर ने अलग चुनाव लड़ने का किया ऐलान, यूपी की 25 सीटों पर उतारेंगे प्रत्याशी
बलिया। योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान किया है।
भाजपा के सहयोगी रहे राजभर ने कहा कि, प्रदेश की 25 सीटों पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी अकेले ही चुनाव लड़ेगी। यह उनका आखिरी निर्णय है।
-
ओम प्रकाश राजभर ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में 25 सीटों पर छठवें और सातवें चरण में लोक सभा की सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी और यह उनका आखिरी निर्णय है। ओपी राजभर ने कहा, भाजपा से कई दौर की बात होने के वावजूद बात नहीं बनी। भाजपा के लोग एक सीट पर भाजपा के ही सिम्बल पर चुनाव लड़ने की बात कह रहे थे। हमारी इस पर सहमति नहीं थी।
-
राजभर ने कहा कि छठें और सातवें चरण में यूपी में होने वाले चुनाव में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रत्याशियों की घोषणा जल्दी ही कर दी जाएगी। राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनकी भावनाओं को नहीं समझा।