राजनाथ ने लखनऊ संसदीय सीट से किया नामांकन, पिछले पांच सालों में संपत्ति हुई दोगुनी

0
लखनऊ। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को लखनऊ संसदीय सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर उनके साथ वरिष्ठ नेता कलराज मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय, दोनों उप मुख्यमंत्री समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। राजनाथ के रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद थी।
नामांकन से पहले राजनाथ सिंह ने मंगलवार को यहां के प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और अपनी जीत का आशीर्वाद मांगा। इसके बाद वह पार्टी मुख्यालय पहुंचे। यहां से उनका रोड शो शुरू हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनता एवं कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन करने जा रहा हूं। इस बार भी यहां से मुझे ऐतिहासिक समर्थन मिलेगा।
इससे पहले मंदिर में राजनाथ सिंह के साथ पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के करीबी शिव कुमार, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। नामांकन से पहले राजनाथ के रोड शो को देखते हुए ट्रैफिक में डायवर्जन भी किया गया था।
लखनऊ सीट पर भाजपा ने एक बार फिर राजनाथ सिंह को मैदान में उतारा है। 2014 में राजनाथ सिंह इस सीट से भारी मतों से जीते थे। राजनाथ के खिलाफ अभी तक गठबंधन और कांग्रेस ने कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। लखनऊ में पांचवें चरण में 6 मई को मतदान होना है और नामांकन का अंतिम दिन 18 अप्रैल है।
पिछले पांच सालों में राजनाथ सिंह की संपत्ति दोगुनी हो गई। चुनाव आयोग को दिए हलफनामे के मुताबिक, उनके मकान की कीमत में 40 लाख रु की कमी आई है। राजनाथ को असलहों का भी शौक है।
हलफनामे के मुताबिक, राजनाथ के पास 1.64 करोड़ रु और उनकी पत्नी के पास 53 लाख रु की चल संपत्ति है। सिंह के पास 2.97 करोड़ रु की अचल संपत्ति है। इस तरह कुल संपत्ति 5 करोड़ 14 लाख 92 हजार 709 रु है। राजनाथ के पास नकद 68 हजार रु जबकि पत्नी के पास 37 हजार रु हैं। राजनाथ सिंह का कोई भी क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है।
राजनाथ सिंह के लखनऊ स्थित 5 बैंक खातों में 91 लाख 38 हजार 667 रु जमा हैं, जबकि दो बैंकों में 7 एफडी के खाते हैं। जिसमें 67.4 लाख रु जमा हैं। उनके और पत्नी के पास 35 लाख 50 हजार रु कीमत के जेवरात मौजूद हैं। राजनाथ सिंह के पास 1.47 करोड़ रु की पैतृक संपत्ति भी है।
राजनाथ सिंह को हथियारों का भी शौक है। उनके पास 32 बोर की एक रिवाल्वर है, जबकि एक दो नाली बन्दूक भी है। राजनाथ सिंह का आवास लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में है। जिसकी वर्तमान कीमत उन्होंने 1 करोड़ 50 लाख रु बताई है। इस संपत्ति की कीमत 2014 के हलफनामे में 1 करोड़ 90 लाख थी। राजनाथ सिंह के ऊपर कोई देनदारी भी नहीं है।
2014 में कुल संपत्ति 2.9 करोड़ थी
राजनाथ सिंह ने 2014 में दिए गए हलफनामे में अपनी कुल संपत्ति 2 करोड़ 92 लाख 40 हजार 729 रुपए बताई थी। इस तरह उनकी संपत्ति पिछले पांच साल में दोगुनी हो गई है। 7 बैंक खातों में 56 लाख 6 हजार 858 रु जमा थे। जबकि 30 लाख 80 हजार रु के जेवरात थे।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More