अमेठी: प्रियंका ने चुनाव प्रचार के दौरान साइकिल ठीक कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता को देखकर रुकीं, कसे साइकिल के पेंच

0
अमेठी। चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने एक कार्यकर्ता की खराब साइकिल ठीक की। प्रियंका मंगलवार को गौरीगंज में प्रचार कर रही थीं। इस दौरान उन्हें एक कांग्रेस कार्यकर्ता को अपनी साइकिल ठीक करते देखा।
प्रियंका काफिला रुकवाकर गाड़ी से उतरीं और कार्यकर्ता की साइकिल के पेंच कसे। कार्यकर्ता के साथ कांग्रेस महासचिव ने सेल्फी भी खिंचवाई।
अमेठी से प्रियंका के भाई और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव लड़ रहे हैं। प्रियंका दो दिन से उनके लिए क्षेत्र में प्रचार कर रही हैं। प्रियंका ने सलोन विधानसभा क्षेत्र में व्यापारियों से मुलाकात की। प्रियंका ने कहा- जीएसटी ने व्यापारियों को बर्बाद कर दिया है। राहुल बदलाव लाने में सक्षम हैं इसलिए उनके हाथों को मजबूत कीजिए।
प्रियंका ने जिस कार्यकर्ता वसीम की साइकिल ठीक की, वह सरिया व्यवसायी है। उनके दो ट्रक भी हैं। वसीम ने प्रचार के लिए अपना व्यवसाय रिश्तेदारों को सौंप दिया। अमेठी टाउन में रहने वाले वसीम की मां जरीना बानो टाउन एरिया की चेयरमैन रह चुकी हैं और उनके पिता मुन्ना पहलवान भी कांग्रेस के प्रचार के लिए साइकिल पर ही निकलते थे।
जिला प्रशासन से वसीम को 7 दिन प्रचार की अनुमति मिली है। वे बिना अन्न ग्रहण किए केवल फल खाकर प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रियंका गांधी ने सेल्फी लेने के बाद उनका मोबाइल नंबर लिया। वसीम का लक्ष्य है कि राहुल गांधी को इस लोकसभा सीट पर 5 लाख वोटों से जीत मिले।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More