चौथे चरण के लिए 71 सीटों पर मतदान जारी

0
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में नौ राज्यों की 71 सीटों पर सोमवार को मतदान जारी है। इस चरण में 12 करोड़ 79 लाख मतदाता हें। 943 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें से 33% करोड़पति हैं। 23% पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस चरण में महाराष्ट्र की 17, राजस्थान-उत्तरप्रदेश की 13-13, पश्चिम बंगाल की 8, मध्यप्रदेश-ओडिशा की 6-6, बिहार की पांच, झारखंड की तीन और जम्मू-कश्मीर की एक सीट पर मतदान है। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग सीट पर 3 चरणों में मतदान हो रहा है।
चौथे चरण में मध्यप्रदेश की छह और राजस्थान की 13 सीटों पर कांग्रेस-भाजपा का सीधा मुकाबला है। 2014 में मध्यप्रदेश की इन छह सीटों में से पांच (सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट) पर भाजपा जीती थी, जबकि छिंदवाड़ा की परंपरागत सीट कांग्रेस के खाते में गई थी। राजस्थान की जिन 13 सीटों पर मतदान होने हैं, उन सभी पर भाजपा जीती थी।
उत्तरप्रदेश की जिन 13 सीटों पर मतदान है, 2014 में भाजपा उनमें से 12 जीती थीं, जबकि सिर्फ कन्नौज से अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने जीत दर्ज की थी। इस बार इन सीटों पर कांग्रेस-भाजपा और गठबंधन के बीच त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।
चौथे चरण में महाराष्ट्र की 17 सीटों पर मतदान है। 2014 में सभी पर एनडीए (शिवसेना-9 और भाजपा-8) ने जीत हासिल की थी।
चौथे चरण में पश्चिम बंगाल की आठ सीटों पर मतदान है। 2014 में इसमें से सिर्फ बेहरामपुर पर कांग्रेस और आसनसोल सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। बाकी सभी छह सीटों पर तृणमूल ने कब्जा जमाया था। वहीं, ओडिशा की जिन छह सीटों पर मतदान है, वहां 2014 में सभी पर बीजद ने जीत हासिल की थी।
डिंपल यादव : उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव इस बार भी कन्नौज सीट से चुनाव लड़ रही हैं। 2014 में उन्होंने भाजपा के सुब्रत पाठक को हराया था। इस बार भी भाजपा ने पाठक पर ही भरोसा जताया है। अखिलेश भी इस सीट से तीन बार चुनाव जीत चुके हैं।
नकुलनाथ : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ छिंदवाड़ा सीट से मैदान में हैं। यहां से कमलनाथ नौ बार से सांसद हैं। भाजपा ने रामदास उइके को उम्मीदवार बनाया है।
राकेश सिंह : मध्यप्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह इस बार भी जबलपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। वे यहां से तीन बार से सांसद हैं। कांग्रेस ने यहां से राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा को टिकट दिया है।
पूनम महाजन : पूनम महाजन भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रमोद महाजन की बेटी हैं। वे मुंबई उत्तर-मध्य से चुनाव लड़ रहीं हैं। 2014 में पूनम ने कांग्रेस नेता और संजय दत्त की बहन प्रिया दत्त को हराया था। कांग्रेस ने प्रिया को इस बार फिर टिकट दिया है।
गिरिराज सिंह : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बेगूसराय से उम्मीदवार हैं। उनके सामने राजद से तनवीर हसन और माकपा से कन्हैया कुमार मैदान में हैं। यहां त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। गिरिराज सिंह 2014 में नवादा सीट से चुनाव जीते थे। इस बार यह सीट गठबंधन के तहत रामविलास पासवान की पार्टी लोजपा के खाते में गई है।
बैजयंत पांडा : ओडिशा की केंद्रपाड़ा सीट काफी अहम मानी जा रही है। दरअसल, नवीन पटनायक के करीबी माने जाने वाले और बीजद नेता बैजयंत पांडा ने इस बार भाजपा का दामन थाम लिया है। वे केंद्रपाड़ा से चुनाव लड़ रहे हैं। पांडा इस सीट से बीजद के टिकट पर दो बार चुनाव भी जीत चुके हैं। बीजद ने उनके खिलाफ उड़िया अभिनेता अनुभव मोहंती को टिकट दिया है।
मुनमुन सेन : पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट पर तृणमूल से अभिनेत्री मुनमुन सेन मैदान में हैं। उनका मुकाबला भाजपा के मौजूदा सांसद बाबुल सुप्रियो से है। मुनमुन बांकुरा से मौजूदा सांसद हैं।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More