अभी तक हुजूर का बेटा ही हुजूर बनता है और अब मोदी जी के राज में मजूर का बेटा हुजूर बनेगा: धर्मपाल सिंह

0
लखनऊ। लखनऊ लोकसभा प्रत्याशी राजनाथ सिंह को जिताने के लिए उत्तर विधानसभा अन्तर्गत फैजुल्लागंज द्वितीय वार्ड के हनुमन्तपुरम चतुर्थ, गाजीपुरम बलराम में आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुये सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि इस बार का लोकसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है।
यह चुनाव किसी को सांसद या प्रधानमंत्री बनाने का नहीं है। यह चुनाव भारत माता के गौरव को ऊंचा रखने, भारत माता का झण्डा लहराते रहने का चुनाव है और इस काम को भारत माता का लाल नरेन्द्र मोदी ही कर सकता है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि देश की जनता ने 2014 में मोदी जी पर विश्वास जताया और उन्हें प्रधानमंत्री बनाया। मोदी जी ने 5 साल में नया भारत का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी के सपनों को पूरा करने का कार्य नरेन्द्र मोदी ने किया है।
मोदी जी ने पढाई, दवाई, सिंचाई एवं रोजगार पर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि अभी तक हुजूर का बेटा ही हुजूर बनता है और अब मोदी जी के राज में मजूर का बेटा हुजूर बनेगा।
धर्मपाल सिंह ने भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील करते हुये कहा कि लखनऊ की जनता सौभाग्यशाली है कि आपका एक वोट दो जगह जायेगा। पहला देश का प्रधानमंत्री और दूसरा देश का गृहमंत्री बनायेगा। वहीं उन्होंने लगातार गिरते जल स्तर पर चिंता जताते हुये कहा कि देश की सबसे बडी सम्पदा नदियां हैं।
जल के अभाव में नदियां मर जायेंगी और हमारा जीवन संकट में पड़ जायेगा। इसके लिये हमें जल के अपव्यय पर रोक लगानी होगी और बरसात का पानी संचित करना होगा। उन्होंने गोमती पर चर्चा करते हुये कहा कि गोमती जल्द ही निर्मल एवं स्वच्छ होगी।
वहीं क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा द्वारा फैजुल्लागंज क्षेत्र में किये गये विकास कार्यो के प्रयासों की सरहाना करते हुये उन्होंने कहा कि जल्द ही शेष समस्याओं का समाधान होगा।
बैठक में मौजूद क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा कि फैजुल्लागंज गोमती नदी से लगा निचला क्षेत्र है और इस क्षेत्र के विकास की सर्वाधिक चिंता देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह करते हैं। उन्होंने इस क्षेत्र में विकास की धारा बहाने का कार्य किया है। डा. बोरा ने मौजूद सिंचाई मंत्री से इस क्षेत्र में जलभराव की समस्या के निजात हेतु जल्द से जल्द तटबंध के निर्माण की मांग की।
वहीं सिंचाई मंत्री ने भी इस समस्या के निदान का आश्वासन दिया। डा. बोरा ने 6 मई को भाजपा के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान किये जाने की अपील की।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More