आजमगढ़: सपा ने प्रशासन पर अखिलेश यादव की सभाएं रद्द करने का लगाया आरोप

0
आजमगढ़। यहां चार विधानसभाओं में शुक्रवार को प्रस्तावित सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सभाएं निरस्त कर दी गई हैं। सपा का आरोप है, आजमगढ़ में जिला प्रशासन निरहुआ की हार से डर से अखिलेश यादव की जनसभा रद्द करवा रहा है। वहीं, डीएम ने कहा कि, प्रशासन की तरफ से अखिलेश की कोई सभा रद्द नहीं की गई है। उन्होंने अपनी सभाएं खुद रद्द की हैं।
12 मई को आजमगढ़ समेत पूर्वी यूपी की 14 सीटों पर मतदान होना है। आजमगढ़ में भाजपा ने भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ को मैदान में उतारा है। जबकि सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने यहां अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निरहुआ के समर्थन में जनसभा की है।
वहीं, शुक्रवार को अखिलेश यादव को सगड़ी, आजमगढ़ सदर, गोपालपुर, व मेहनगर विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक सभा करनी थी। लेकिन एक दिन पहले ये सभाएं रद्द कर दी गईं। आजमगढ़ के सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा, सभी जानते हैं कि आजमगढ़ गठबंधन का अजेय गढ़ है। हार की हताशा में सत्ता के दबाव में निर्वाचन से जुड़ी संस्थाओं, खासतौर से जिला प्रशासन तकनीकी दृष्टि से चुनाव को रद्द करने का बहाना ढूंढ रहा है। इसीलिए प्रचार समाप्त होने में दो दिन शेष रहते चुनाव मद में होने वाले खर्च की पूर्व निर्धारित दरों को संशोधित कर दिया गया है।
सत्ता व प्रशासन की दुरभि संधि की आशंका के चलते अखिलेश यादव की प्रस्तावित जनसभाओं को निरस्त कर दिया गया है। वहीं, डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से अखिलेश यादव की कोई सभा रद्द नहीं की गई है। चुनाव आयोग की ओर से खर्चे पर निगरानी रखने वाले व्यय पर्यवेक्षक की ओर से सभी पार्टियों को खर्चे को लेकर नोटिस भेजा गया है। उन्होंने अपनी सभाएं खुद ही रद्द की हैं। यदि उनके पास कोई आदेश है तो वह दिखाएं।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More