6वां चरण: यूपी में 54.12% हुआ मतदान, फूलपुर में हुई सबसे कम वोटिंग

0
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के छठवें चरण के तहत आज 14 लोकसभा सीटों पर मतदान है। वोटिंग सुबह सात बजे से शाम छह बजे के बीच हुई। राज्य में 54.12 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर 177 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर दिया है।
इस चरण में सपा के मुखिया अखिलेश यादव, उप्र की कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी और डुमरियागंज से सांसद जगदम्बिका पाल की साख दांव पर है।
सुल्तानपुर में 54.56 फीसदी, प्रतापगढ़ में 53.20 फीसदी, फूलपुर में 51.38 फीसदी, इलाहाबाद में 50.58 फीसदी, अंबेडकरनगर में 58.78 फीसदी, श्रावस्ती में 54.41 फीसदी, डुमरियागंज में 51.80 फीसदी, बस्ती में 58 फीसदी, संतकबीरनगर में 53.30 फीसदी, लालगंज में 55.70 फीसदी, आजमगढ़ में 56.20 फीसदी, जौनपुर में 54.80 फीसदी, मछलीशहर में 53.20 फीसदी और भदोही में 54.76 फीसदी वोटिंग हुई है। 2014 के चुनाव में 54.53 फीसदी मतदान हुआ था।
अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में चुनाव गड़बड़ी को लेकर निर्वाचन आयोग से शिकायत की है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर दबंगई व मतदानकर्मियों पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। संतकबीरनगर में बूथ संख्या 271 के पास गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। मतदानकर्मियों ने ईवीएम को सुरक्षित बाहर निकाला। लाइन में लगे मतदाताओं में भगदड़ मच गई। एक करीब घंटे मतदान बाधित रहा। आग पर काबू पाया गया। इसके बाद मतदान शुरू हुआ है।
अंबेडकर नगर से बसपा प्रत्याशी रितेश पांडे ने ईवीएम से वोटिंग को लेकर सवाल भी उठाए। कहा कि, अभी तक उनके पास 100 से ज्यादा ईवीएम के खराबी की सूचना मिली है। जिससे आम जनता को परेशानी हो रही है। जिला प्रशासन पर ईवीएम को ठीक कराने में ढिलाई बरतने का भी आरोप लगाया।
प्रतापगढ़ में बाहुबली नेता रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया व कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी नजरबंद। सुल्तानपुर में भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी व गठबंधन उम्मीदवार चंद्रभद्र सिंह के बीच मायंग बूथ पर तीखी बहस हुई। आरोप है कि सोनू सिंह उर्फ चंद्रभद्र सिंह के समर्थकों ने शनिवार रात भाजपा कार्यकर्ताओं को पीटा था। मेनका गांधी ने सख्त लहजे में कहा कि गुंडई नहीं चलेगी।
प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने इलाहाबाद में वोट किया। जौनपुर में 11, डुमरियागंज में दो, सिद्धार्थनगर में 20, प्रतापगढ़ में पांच जगहों पर ईवीएम में खराबी का मामला सामने आया है।
14 संसदीय क्षेत्रों में होने वाले मतदान में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, मुकुट बिहारी वर्मा, जगदंबिका पाल, रमाकांत यादव और संजय सिंह जैसे दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। पिछले चुनाव में आजमगढ़ से मुलायम सिंह यादव सांसद निर्वाचित हुए थे,
लेकिन इस बार उनके पुत्र अखिलेश यादव अपने पिता की सीट बरकरार रखने के लिए मैदान में हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में इन 14 सीटों में से भाजपा को 12 सीटों पर विजय मिली थी,जबकि एक सीट उसके सहयोगी अपना दल के खाते में गई थी।
आजमगढ़: सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव 2014 के चुनाव में मोदी लहर होने के बाद भी आजमगढ़ सीट जीती थी। इस बार मुलायम सिंह चुनाव लड़ने के लिए मैनपुरी चले गए। यहां अखिलेश यादव उतरे हैं। उनका सामना भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ से है। यहां कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है। निरहुआ के समर्थन में पीएम मोदी खुद सभा कर चुके हैं।
सुल्तानपुर: 2014 के चुनाव में मेनका गांधी ने पीलीभीत से चुनाव जीता था। लेकिन इस बार वो अपने बेटे वरुण गांधी की सीट सुल्तानपुर लोकसभा क्षेत्र से मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के उम्मीदवार व पूर्व सांसद डॉक्टर संजय सिंह व गठबंधन उम्मीदवार चंद्रभद्र सिंह से है। एडीआर के मुताबिक, मेनका गांधी छठे चरण के चुनाव में सबसे अमीर प्रत्याशी हैं।
डुमरियागंज: भाजपा नेता जगदंबिका पाल डुमरियागंज से सांसद हैं। इस बार फिर वे जीत की हैट्रिक लगाने के लिए चुनावी मैदान में हैं। उनका मुकाबला गठबंधन उम्मीदवार आफताब आलम व कांग्रेस के उम्मीदवार डॉक्टर चंद्रेश उपाध्याय से है।
इलाहाबाद: भाजपा ने प्रदेश सरकार में मंत्री रीता बहुगुणा जोशी को इलाहाबाद लोकसभा सीट से मैदान में उतारा है। यहां उनका मुकाबला कांग्रेस के योगेश शुक्ला व गठबंधन उम्मीदवार राजेंद्र पटेल से है। योगेश शुक्ला भाजपा में थे, लेकिन उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया। यहां गठबंधन व कांग्रेस प्रत्याशी, रीता बहुगुणा जोशी को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।
लोकसभा सीट
      उम्मीदवार
 भाजपा प्रत्याशी  
आजमगढ़
 अखिलेश यादव, गठबंधन
दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ, भाजपा
इलाहाबाद
 योगेश  शुक्ला, कांग्रेस
मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, भाजपा
फूलपुर
पंधारी यादव , गठबंधन
केसरी देवी पटेल, भाजपा
सुल्तानपुर
संजय सिंह, कांग्रेस
केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, भाजपा
प्रतापगढ़
अशोक त्रिपाठी, गठबंधन
संगम लाल गुप्ता, भाजपा
श्रावस्ती
राम शिरोमणि वर्मा, गठबंधन
दद्दन मिश्रा, भाजपा
डुमरियागंज
आफताब आलम, गठबंधन
जगदम्बिका पाल, भाजपा
बस्ती
राजकिशोर सिंह, कांग्रेस
हरीश द्विवेदी, भाजपा
संतकबीर नगर
भीष्म शंकर तिवारी, गठबंधन
प्रवीण निषाद, भाजपा
लालगंज सुरक्षित
 संगीता आजाद, गठबंधन
नीलम सोनकर, भाजपा
जौनपुर
श्याम सिंह यादव, गठबंधन
डॉ के पी सिंह, भाजपा
मछलीशहर
टी राम, गठबंधन
बी पी सरोज, भाजपा
भदोही
रंगनाथ मिश्रा, गठबंधन
रमेश बिंद, भाजपा
अम्बेडकर नगर
रितेश पांडेय, गठबंधन
मंत्री मुकुट विहारी बर्मा, भाजपा

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More