उपचुनाव : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन दिन में 11 क्षेत्रों में करायेगें सभाएं
एक तरफ हरियाणा और महाराष्ट्र चुनाव की व्यस्तता और दूसरी तरफ प्रदेश में हो रहे
विधानसभा की 11 सीटों के उपचुनाव में पार्टी को जीत दिलाने की जिम्मेदारी।
ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तीन दिन में सभी 11 क्षेत्रों में सभाएं कराने की तैयारी है।
भाजपा ने 15, 16 और 18 अक्तूबर में विधानसभा उपचुनाव वाले सभी क्षेत्रों में मुख्यमंत्री की सभाएं कराने की योजना बनाई है
जिससे हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनाव प्रचार पर असर न पड़े।
दरअसल, योगी भाजपा के स्टार प्रचारकों में शामिल हैं।
उनकी न सिर्फ यूपी, बल्कि दूसरे राज्यों में भी चुनाव प्रचार के लिए मांग रहती है।
हरियाणा और महाराष्ट्र के साथ भी यही स्थिति है।
दोनों ही जगह के प्रत्याशी उनकी सभाएं चाहते हैं।
ऐसे में उन्हें अधिक समय इन राज्यों में देना पड़ेगा।
लेकिन मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी होने के नाते प्रदेश में 11 सीटों पर हो रहे उपचुनाव को लेकर उनकी चिंता स्वाभाविक है।
वैसे तो उपचुनाव की घोषणा से पूर्व वे सभी क्षेत्रों का एक-एक बार दौरा कर चुके हैं।
पर चुनाव के दौरान भी वे सभी सीटों पर जाकर जीत के समीकरणों को मजबूत करना चाहते हैं।
ऐसे में उनके सामने ताबड़तोड़ दौरे करने के अलावा दूसरा कोई रास्ता नहीं है।
उपचुनाव में आमतौर पर किसी भी राजनीतिक दल का राष्ट्रीय नेतृत्व प्रचार में बहुत सक्रिय भूमिका नहीं निभाता।
ज्यादातर प्रदेश के नेताओं के कंधों पर ही यह दायित्व रहता है।
फिर इस समय हरियाणा व महाराष्ट्र के चुनाव की चुनौती से केंद्रीय नेतृत्व चाहे भी तो उपचुनाव के लिए वक्त नहीं निकाल सकता।
Also read : अखिलेश यादव जाएंगे झांसी मिलेगें पुलिस मुठभेड़ में मारे गए पुष्पेंद्र यादव के परिजनों से