पीएम मोदी आज सुबह 10 बजे देश को संबोधित करेंगे, जान और जहान के लिए लॉकडाउन बढ़ाने की कर सकते हैं घोषणा

0

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 10 बजे देश को संबोधित करेंगे। 25 मार्च को लागू हुए देशव्यापी लॉकडाउन का आज आखिरी दिन है। पिछले 26 दिन में मोदी का देश के नाम यह चौथा संदेश होगा। खबरों के मुताबिक, प्रधानमंत्री शर्तों के साथ लॉकडाउन की मियाद दो हफ्ते और

बढ़ा सकते हैं। इसकी संभावना इसलिए भी है, क्योंकि बीते शनिवार प्रधानमंत्री की मुख्यमंत्रियों के साथ हुई बैठक में 78 करोड़ की आबादी वाले 13 राज्यों ने 30 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाने पर सहमति जताई थी।

अब तक आठ राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश 30 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा कर चुके हैं। इसमें महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, पंजाब, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, तेलंगाना और तमिलनाडु शामिल हैं।

वहीं, केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी ने भी लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान किया। हालांकि, मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में प्रधानमंत्री ने ‘जान भी और जहान भी’ का नारा दिया था। इससे साफ हो गया था कि इस बार लॉकडाउन में शर्तों के साथ रियायतें मिलेंगी।

लॉकडाउन को लेकर सरकार के पास 3 विकल्प

लॉकडाउन को लेकर तीन बड़ी संभावनाएं नजर आ रही हैं। पहला, मोदी मौजूदा प्रतिबंधों के साथ देशव्यापी लॉकडाउन की मियाद 30 अप्रैल तक बढ़ा सकते हैं। दूसरा, कुछ शर्तों के साथ छूट दी जा सकती है और तीसरा, शहरों को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर व्यवसायिक गतिविधियां शुरू करने का फैसला ले सकते हैं।

फुल लॉकडाउन

प्रधानमंत्री मोदी आज सभी प्रतिबंधों के साथ लॉकडाउन को अगले दो हफ्ते के लिए बढ़ाने का ऐलान कर सकते हैं, क्योंकि देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बीते पांच दिनों में ही 4 हजार से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। अब तक 350 से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। हालांकि, लॉकडाउन को जारी रखने से देश की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर बढ़ने की आशंका है।

शर्तों के साथ लॉकडाउन में छूट

प्रधानमंत्री चरणबद्ध ढंग से लॉकडाउन हटाने की घोषणा भी कर सकते हैं। इसकी उम्मीद ज्यादा है। उन्होंने अलग-अलग मंत्रालयों को लॉकडाउन के बाद की रणनीति बनाने के लिए कहा है। देश के ज्यादातर राज्यों में इस वक्त फसलें पक चुकीं हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री खेती से जुड़ी गतिविधियों को शुरू करने की मंजूरी दे सकते हैं।

इसके अलावा शर्तों के साथ कई उद्योगों को शुरू करने की इजाजत मिल सकती है। इनमें टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक मेन्यूफैक्चरिंग जैसे उद्योग शामिल हैं। इन सेक्टर्स में काम करने वाली बड़ी कंपनियां सिंगल शिफ्ट में काम शुरू कर सकती हैं। बशर्ते उनके पास सोशल डिस्टेंसिंग और सैनिटाइजेशन की पूरी व्यवस्था हो।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More