रोशनी से जगमगाई अयोध्या, आज पहुंचेंगी दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम जू सूक

0
दीपोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ साकेत महाविद्यालय से भगवान राम पर बनाई गई विभिन्न झांकियों के साथ होगा और जो रामकथा पार्क में पहुंचेंगी। वहीं पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रमुख अतिथियों के साथ हेलिकॉप्टर से राम-सीता की आरती उतारकर उनका अभिनंदन-वंदन करेंगे।
इसके बाद वे सरजू आरती में सम्मिलित होंगे और दीप उत्सव कार्यक्रम को एक विशाल दीप को जलाकर प्रारंभ करेंगे। पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित करने के लिए अपर मुख्य सचिव पर्यटन अवनीश अवस्थी इतवार से ही अयोध्या में डेरा डाले हैं।
पूरा फैजाबाद का जिला प्रशासन दीपोत्सव को सफल बनाने में जुटा हुआ है। विदेशी मेहमानों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा का अभूतपूर्व प्रबंध किया गया है। पूरी सुरक्षा व्यवस्था को आरपीएसई सीआरपीएफ के जिम्मे सौंपा जा रहा है। ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जाएगी।
अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। समूची अयोध्या रोशनी से नहा चुकी है। बिजली की झालर और अनेक प्रकार के रोशनी से अयोध्या जगमगा रही है जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग दीपोत्सव कार्यक्रम में उमड़ पड़े हैं।
दीपोत्सव कार्यक्रम अयोध्या में दूसरी बार मंगलवार को होने जा रहा है जिसकी मुख्य अतिथि दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम जुंग सूक होंगी। उनके साथ उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम निर्धारित हो चुका है। इसके साथ ही साथ दर्जनों कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के दीप उत्सव कार्यक्रम में पधारने वाले हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था में दो कंपनी आरपीएफ, 6 कंपनी पीएसी, 10 अपर पुलिस अधीक्षक, 30 उप पुलिस अधीक्षक 35 कोतवाल, 300 दरोगा, 900 सिपाही, बम निरोधक दस्ता तैनात किया गया है।
दूसरे जिलों से भी लगभग तीन दर्जन मजिस्ट्रेट बुला लिए गए हैं जो ड्यूटी में तैनात किए जाएंगे। अयोध्या शहर में मुख्य मार्ग के दोनों तरफ सजावटी लाइट लगा दी गई है। फैजाबाद में भी मुख्य मार्ग पर बिजली के खंभों को रोशनी से सजाया गया है।
पूरी अयोध्या विद्युत के झालरों से जगमगा रही है। राम की पैड़ी, रामकथा पार्क पर रात-दिन तैयारियां चल रही हैं। फैजाबाद हवाई पट्टी से भगवान राम और सीता हेलिकॉप्टर से रामकथा पार्क में उतरेंगे। यहां प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल राम नाईक, बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन स्वागत-अभिनंदन करेंगे।
दक्षिण कोरिया से आए प्रतिनिधियों का स्वागत सोमवार को राज्य सदन अयोध्या में भोज पर किया गया जिसमें जिले के जिलाधिकारी डॉक्टर अनिल पाठक समेत पूरा प्रशासनिक अमला और गणमान्य नागरिक व पत्रकार उपस्थित रहे।
दीपोत्सव कार्यक्रम में अवध विश्वविद्यालय के लगभग 5000 छात्र-छात्राएं दीप जलाने में लगे थे। इस बार भरतकुंड पर 11000 दीप जलाए जाएंगे। कथा गुप्तार घाट पर 501 दीप जलाए जाएंगे। इन्हें छात्र-छात्राएं सरजू तट के किनारे राम की पैड़ी पर बने 12 घाटों पर सजाएंगे।
यह इस बार दीपोत्सव कार्यक्रम का दूसरा भव्य कार्यक्रम होगा। दीपोत्सव कार्यक्रम को कवर करने के लिए देश-विदेश से मीडिया के लोग पहुंच रहे हैं। फैजाबाद के सभी होटल बुक हो चुके हैं।
अयोध्या में भी धर्मशाला या छोटे-मोटे होटलों में भी लोग रुकने की व्यवस्था कर रहे। कार्यक्रम को लेकर अयोध्या के साधु-संत बहुत उत्साहित हैं।
राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास का कहना है कि अयोध्या को विश्व स्तर पर स्थापित करने का काम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर रहे हैं।
– दीपोत्सव कार्यक्रम अयोध्या में दूसरी बार होने जा रहा है जिसकी मुख्य अतिथि दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम जू सूट होंगी।
– दीपोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ साकेत महाविद्यालय से भगवान राम पर बनाई गई झांकियों के साथ होगा और जो रामकथा पार्क में पहुंचेंगी।
– योगी आदित्यनाथ प्रमुख अतिथियों के साथ हेलिकॉप्टर से राम-सीता की आरती उतारकर उनका अभिनंदन-वंदन करेंगे। इसके बाद वे सरजू आरती में सम्मिलित होंगे।
यह भी पढ़ें: सबरीमाला पर प्रदर्शनों में पार्टी का हाथ कबूलते सुनाई पड़े केरल BJP प्रमुख,खड़ा हो गया राजनीतिक बवंडर

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More