जौनपुर: गुरुवार की शाम अलग-अलग स्थानों पर कच्ची दीवारों के ढहने से मलबे में दब जाने से वृद्ध व महिला की मौत हो गई। हादसे में मृत वृद्ध की पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई है।
शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के मड़वा मोहिउद्दीनपुर गांव की कैलाशी देवी (45) पत्नी राम आशीष रोजाना की भांति गुरुवार की दोपहर घर से घास काटने अपने खेत पर गई थी। वहीं उसकी पाही भी है। घास काटने के बाद वह पाही वाले कच्चे कमरे में चारपाई खेत सो गई। शाम करीब चार बजे अचानक कच्ची दीवार धराशाई हो गई। कैलाशी देवी मलबे में दब गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने हल्ला मचाया। आनन-फानन स्वजन भी आ गए। ग्रामीणों की मदद से जब तक मलबा हटाकर निकाला जाता, उसकी मौत हो चुकी थी। घर में कोहराम मचा हुआ है।
उधर, सरपतहां थाना क्षेत्र के भगासा गांव निवासी राम प्रसाद उर्फ ढोढ़ई यादव (70) अपनी पुत्री अर्चना (18) को साथ लेकर अपने कच्चे मकान में लगी चारा काटने की मशीन हटा रहे थे। इसी दौरान जर्जर हो चुकी कच्ची दीवार यकायक धराशाई हो गई। मलबे में पिता-पुत्री दब गए। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने किसी तरह मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्री को आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुइथाकलां ले जाया गया। डाक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए राजकीय पुरुष चिकित्सालय शाहगंज रेफर कर दिया। स्वजनों ने शाहगंज में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान शाम छह बजे राम प्रसाद ने दम तोड़ दिया।
जौनपुर राष्ट्रीय जजमेंट ब्यूरो कुंवर अंकित सिंह